मुंबई : मनसे के मोर्चा के पीछे भाजपा का हाथ !

मुंबई : बांग्लादेशी व पाकिस्तानी घुसपैठियों के खिलाफ मनसे के मोर्चे को लेकर राजनीति गर्म हो गयी है.शिवसेना ने मोर्चे के पीछे भाजपा का हाथ बताया है,वहीं मनसे नेता ओं ने शिवसेना को करारा प्रत्युत्तर दिया है. मनसे की तरफ से शिवसेना को राकां की बी टीम बताते हुए कहा गया है कि उसके पैर के नीचे की जमीन खिसक गयी है.

मराठी मुद्दे पर राजनीति में कदम रखने वाली महाराष्ट्र नव निर्माण सेना ने कुछ दिनों पहले ही पार्टी का झंडा भगवा करके ट्रेक बदलने का संकेत दिया था.पार्टी अधिवेशन में राज ठाकरे ने घुसपैठियों का मुद्दा उठाया था एवं मोर्चा निकालने की घोषणा की थी.शिवसेना का मानना है कि शिवसेना को कमजोर करने के लिए इसके पीछे भाजपा की चाल है.

शिवसेना प्रवक्ता मनीषा कायंदे ने कहा है कि 'शिवसेना ने भाजपा का साथ छोड़ दिया है. जिसकी वजह से उसे किसी आधार की जरुरत है. हालही में भाजपा ने वंचित बहुजन आघाड़ी का प्रयोग किया लेकिन सफलता नहीं मिली.अब वह मनसे को साथ लेने का प्रयास कर रही है. कुछ दिनों पहले भाजपा नेता आशीष शेलार एवं राज ठाकरे की हुई मुलाकात इसी बात का द्योतक है. उन्होंने कहा कि मोर्चे के पीछे भाजपा का हाथ है,लेकिन इससे शिवसेना पर कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है.

मनसे प्रवक्ता संदीप देशपांडे ने पलटवार करते हुए कहा है कि मनसे की पाकिस्तान विरोधी भूमिका पहले से ही रही है.इसके पहले भी हम इसके खिलाफ आंदोलन किए हैं.देशपांडे ने शिवसेना को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी का बी टीम बताया है. मनसे नेता अनिल शिदोरे ने भी शिवसेना पर जवाबी हमला किया है.उन्होंने कहा कि शिवसेना की सरकार है लेकिन उसे अजित पवार चलाते हैं.