मुंबई : एक और हत्या की गुत्थी सुलझी

मुंबई : कलमना थाना क्षेत्र से लापता हुए युवक की हत्या होने की जानकारी है. बताया जाता है कि रंजिश के चलते उसे मौत के घाट उतारा गया. शव को जलाकर निर्जन स्थान पर फेंक दिया गया. ढाई महीने पहले उसके लापता होने का मामला कलमना थाने में दर्ज हुआ था. क्राइम ब्रांच ने कड़ी मेहनत करके इस मर्डर की गुत्थी सुलझा ली. मृतक पारडी निवासी मोहनीश ठाकरे बताया गया. मोहनीश 28 नवंबर को अपने घर से निकला था. दोस्तों के साथ उसने कलमना थाना क्षेत्र के एक बार में शराब पी. उसके दोस्त की किसी से रंजिश चल रही थी. दुश्मन गैंग से बार में उसका विवाद हुआ. 2 से 3 आरोपियों ने मिलकर उसे एक मैदान में ले जाकर मौत के घाट उतार दिया. उसका शव जलाकर एक साड़ी में लपेटा गया. दुपहिया वाहन पर उसका शव जामठा मैदान के समीप नाले में फेंका गया. लापता होने की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने छानबीन शुरू की. आरोपियों द्वारा मोहनीश को साथ ले जाए जाने की जानकारी भी मिली. काफी दिन तक पूछताछ चलती रही, लेकिन संदिग्धों ने मुंह नहीं खोला. आखिर क्राइम ब्रांच के यूनिट-5 ने मामले पर ध्यान केंद्रित किया. बताया जाता है कि पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. जामठा के पास से शव के अवशेष भी मिले हैं, लेकिन फिलहाल पुलिस इस मामले में गोपनीयता बरत रही है.