मुंबई : राकां युवक अध्यक्ष व मनसे नेता के बीच मारपीट

मुंबई: राकां युवक के अंबरनाथ विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष सचिन अहिरेकर के साथ हुई मारपीट के मामले में अंबरनाथ पुलिस ने मनसे के टिकट पर अंबरनाथ विधानसभा का चुनाव लड़ चुके सुमेध भवार सहित उनके 2 अंगरक्षक के खिलाफ मामला दर्ज किया है. इस घटना में अहिरेकर के सिर में 6 टांके आए हैं. यह घटना रविवार रात की है. मनसे के स्थानीय नेता सुमेध भवार ने उन पर लगे आरोप के संदर्भ में अपना पक्ष रखते हुए पत्रकारों से कहा कि सचिन अहिरेकर से वह परिचित हैं. बातचीत करने के लिए कल्पना होटल के सामने दोनों का मिलना रविवार की शाम को निश्चित हुआ था. भवार के अनुसार जैसे ही वह अपनी कार से उतरकर बाहर निकले, वहां पहले से खड़े सचिन अहिरेकर ने उन्हें व उनकी पार्टी के प्रमुख राज ठाकरे को गाली देना शुरू कर दिया. उसी समय अहिरेकर ने वहीं पड़ा एक बड़ा पत्थर उन्हें मारने की कोशिश की. उनके अंगरक्षक ने उनका बचाव किया व इसमें अंगरक्षक के हाथ में लग गई. जिससे बाद अंगरक्षक ने अपना बचाव करते हुए सचिन को धक्का दिया, जिससे वह खुद ही गिर गया. मनसे नेता ने आगे कहा कि सचिन अहिरेकर शराब के नशे में था. वहीं अंबरनाथ पुलिस ने सुमेध भवार, उनके अंगरक्षक रितेश सिंह व रविकांत को सोमवार की दोपहर अदालत में हाजिर किया, जहां तीनों को जमानत मिल गई. मार्च के अंत अथवा अप्रैल के पहले सप्ताह में नपा के आम चुनाव होने हैं और शहर की राजनीति में अभी से खून खराबा शुरू हो गया है.