दो किशोरों का अपहरण कर मांगी थी ढाई लाख फिरौती, 50 हजार में सौदा, हत्थे चढ़े पांच बदमाश
इलाके के दो लड़कों का मंगलवार की रात अपहरण कर ढाई लाखा फिरौती मांगने के आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पांच आरोपितों को गिरफ्तार दोनों लड़कों को पुलिस ने मुक्त करा लिया। हालांकि अंधेरे का फायदा उठाकर दो बदमाश भागने में सफल रहे हैं, जिनकी तलाश में पुलिस टीम लगा दी गई है। पुलिस का दावा जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पकड़े गए आरोपितों की पहचान कैंपियरगंज के दौलतनगर निवासी रणवीर सिंह, नितिन, परमेश्वर, राहुल, अनूप साहनी के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक पीपीगंज के जंगल बिहुली निवासी करीम (16) व नाजिर (17) का आरोपितों ने अपहरण कर लिया। आरोपितों ने दोनों किशोर को तस्कर बताकर पकड़ लिया फिर घर से ढाई लाख रुपये मांगाने को कहा। दोनों लड़कों ने घर पर फोन कर ढाई लाख रुपये की मांग की।
फिर बदमाशों से बातचीत कर 50 हजार रुपये में मामला तय हो गया। इसी बीच पीड़ितों ने घटना की सूचना पुलिस को दे दी। सूचना पाते ही पुलिस सक्रिय हो गई और फिर 50 हजार रुपये लेकर दोनों परिवार के लोग नेतवार बंधे पर पहुंच गए। वहां पर पांच आरोपित पहले से मौजूद थे। दोनों में बातचीत शुरू हुई थी कि इसी बीच पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपितों को दबोच लिया और दो लड़कों को सकुशल मुक्त करा लिया। फरार आरोपितों की पहचान जितेंद्र जायसवाल और आशीष साहनी के रूप में हुई है, जिनकी तलाश में पुलिस टीम लगी है। पुलिस ने करीम के पिता नगीना के तहरीर पर अपहरण का केस दर्ज कर आरोपितों की गिरफ्तारी की है। इलाके में अपहरण की सूचना पाते ही पीपीगंज और कैंपियरगंज पुलिस दौड़ पड़ी थी। सर्विलांस सेल को भी लगा दिया गया था ताकि मोबाइल का लोकेशन लिया जा सके। खुद एसएसपी डॉ. सुनील कुमार गुप्ता भी मानीटरिंग कर रहे थे। परिवार के लोगों ने भी पुलिस का साथ दिया फिर बदमाश दबोच लिए गए।
