आग में खाक हुए कपड़ों के गोदाम से दो शव बरामद, तीन लोग गिरफ्तार
मुंबई :: साकी नाका में शुक्रवार को लगी आग में खाक हुए कपड़ों के एक गोदाम के भीतर से दो शव बरामद किए गए हैं। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस उपायुक्त (जोन 10) पीयूष गोयल ने बताया कि आरती लालजी जयसवाल (25) और पीयूष धीरज कटाड़िया (42) का शव शनिवार तड़के गोदाम के भीतर बरामद किया गया। उन्होंने बताया कि शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए राजावाड़ी अस्पताल भेजा गया है।
गोयल ने कहा, 'इस संबंध में दुर्घटनावश हुई मौत का एक मामला दर्ज किया गया है।' साथ ही उन्होंने कहा कि आग में लापता हुए अन्य लोगों की तलाश जारी है। साकी नाका के खैरानी मार्ग पर शुक्रवार शाम आशापुरा परिसर स्थित गोदामों में भयंकर आग लग गई थी। इस आग को बुझाने के लिए दमकल की 10 गाड़ियों और पानी के नौ टैंकरों को लगाया गया था।
