अवैध रूप से अबॉर्शन करने पर अस्पताल मालिक और महिला डॉक्टर सहित 12 पर FIR

हरियाणा : हरियाणा के जींद जिले के सफीदों स्थित लीलावती अस्पताल में अवैध रूप से गर्भपात करवाए जाने के मामले में पुलिस ने स्वास्थ्य विभाग के नोडल अधिकारी की शिकायत पर अस्पताल संचालक, डॉक्टर, महिला डॉक्टर, स्टाफ समेत 12 लोगों के खिलाफ अवैध रूप से गर्भपात करवाने तथा धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

स्वास्थ्य विभाग के नोडल अधिकारी डॉ. प्रभु दयाल ने बुधवार को पुलिस को दी शिकायत में बताया कि स्वास्थ्य विभाग को सूचना मिली थी कि सफीदों के लीलावती अस्पताल में अवैध रूप से गर्भपात करवाया जाता है, जबकि अस्पताल गर्भपात के लिए पंजीकृत भी नहीं है। शिकायत में दयाल ने कहा है कि अस्पताल संचालक डॉ. अनिल अपने स्टाफ के साथ मिलीभगत कर मोटी रकम ऐंठ कर अवैध गर्भपात का गोरखधंधा चला रहा है, जिसके आधार पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छापेमारी की और जांच की तो सामने आया कि गांव शाहपुर निवासी रीतु, गांव सिंघाना निवासी अन्नू का अवैध रूप से गर्भपात करवाया गया, जिसमें दोनों के परिवार वालों ने भी सहयोग किया।

उन्होंने बताया कि अवैध गर्भपात के बाद भ्रूणों को खुर्द-बुर्द कर दिया गया और दोनों अवैध गर्भपात दो-तीन दिसंबर की रात को किए गए। छानबीन के दौरान यह भी सामने आया कि लीलावती अस्पताल का संचालक डॉ. अनिल हरियाणा में प्रैक्टिस के लिए पंजीकृत नहीं है। सफीदों थाना पुलिस ने दयाल की शिकायत पर लीलावती अस्पताल के संचालक अनिल, महिला डॉक्टर शांति, स्टाफ नर्स सरोज, मोनिका समेत 12 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।