गूंगी महिला का 6 माह का बच्चा गायब, पड़ोसी महिला हिरासत में

भिवंडी. शांतिनगर पुलिस स्टेशन की हद में स्थित फातिमा नगर से एक गूंगी महिला का 6 माह का बच्चा रविवार को अचानक गायब हो गया. महिला ने अपनी पड़ोसी महिला व उसके बेटे पर शक जताया है. जिसके बाद पुलिस पड़ोसी महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है, जबकि उसका बेटा फरार हो गया है. मिली जानकारी के अनुसार, फातिमा नगर निवासी महिला अस्मा (30) व उसके शौहर इस्तियाक (35) दोनों ही दिव्यांग (गूंगे) हैं. शिकायत के अनुसार अस्मा के पड़ोस में रहने वाली महिला फरीदा अंसारी व उसके बेटे तौफीक ने अस्मा के 6 माह के बच्चे अरमान इस्तियाक अंसारी को 5 दिसम्बर को घुमाने हेतु कहकर ले गये और 6 दिसंबर को घर लौट कर आए. 6 दिसंबर शाम को फिर फरीदा व उसका बेटा तौफीक बच्चे अरमान को बाहर रिश्तेदार के घर घुमाने ले गये और 16 दिसंबर को वापस घर लौटे. मां-बेटा अरमान अंसारी को पुनः 16 दिसंबर को लेकर गये फिर 21 दिसंबर को वापस लौटे. घटना के अनुसार, 22 दिसंबर को बाहर खेल रहा अरमान अंसारी अचानक गायब हो गया, तब परिजनों द्वारा खोजबीन शुरू की गई और नहीं मिलने पर फरीदा अंसारी व उसके बेटे तौफीक पर गायब किये जाने का संदेह करते हुए शिकायत दर्ज कराई गयी. शांतिनगर पुलिस ने शक के आधार पर फरीदा अंसारी को हिरासत में लिया व तौफीक फरार हो गया है. पुलिस गुमशुदा अरमान अंसारी की तलाश कर रही है.