घर आए प्रेमी को परिजनों ने जमकर पीटा
वाराणसी : वाराणसी के मिर्जामुराद क्षेत्र के बेनीपुर के चंगवार गांव में प्रेमिका से मिलने घर आए प्रेमी की पिटाई की गई। शनिवार को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने प्रेमिका के पिता-चाचा सहित चार के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज गिरफ्तारी को दबिश दे रही है। मिर्जामुराद थाना इलाके के गनेशपुर निवासी प्रेम कुमार पटेल(21) का पड़ोस के गांव की एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। शुक्रवार की देर शाम प्रेम कुमार उससे मिलने पहुंचा तो प्रेमिका के परिजनों ने प्रेम कुमार की जमकर पिटाई की। प्रेम की हालत गंभीर होने पर पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रेम कुमार को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में इलाज के लिए भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान शनिवार की सुबह लगभग 11 बजे उसकी मौत हो गई। इधर प्रेम कुमार की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। प्रेम के चाचा सतीश कुमार पटेल ने प्रेमिका के पिता, चाचा, भाई समेत चार के खिलाफ नामजद हत्या का मुकदमा दर्ज कराया। मिर्जामुराद थाना प्रभारी सुनील दत्त दुबे ने बताया कि नामजद आरोपियों की गिरफ्तार को लेकर टीम दबिश दे रही है।
