नगा विद्रोही संगठन से जुड़ी महिला 71 लाख रुपये के साथ अरेस्ट, जांच में जुटी NIA

नगालैंड : नगा विद्रोही संगठन नेशनल सोशलिस्ट काउंसिल ऑफ नगालैंड (इसाक-मुईवाह) यानी NSCN (IM) से जुड़ी एक महिला को दिल्ली डोमेस्टिक एयरपोर्ट से पकड़ा गया है. महिला का नाम अलेमला ज़मीर है. उसके पास से 71 लाख रुपये बरामद किए गए हैं. सुरक्षा एजेंसियों को शक है कि विद्रोही समूह ने किसी खास मकसद ये यह रकम दिल्ली भेजी है. गृह मंत्रालय ने अब इस मामले की जांच नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) को सौंपी है.
खबर के मुताबिक, 17 दिसंबर को यह रकम दिल्ली भेजी गई. जांच एजेंसी अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि महिला इतनी बड़ी रकम दिल्ली में किसको देने जा रही थी. इस गिरफ्तारी से सुरक्षा एजेंसियां इसलिए भी अलर्ट हो गई हैं क्योंकि राजधानी समेत देश के विभिन्न हिस्सों में नागरिकता संशोधन अधिनियम (Citizenship Amendment Act)  के खिलाफ प्रदर्शन चल रहे हैं. ऐसे में इतनी बड़ी रकम किस मकसद से भेजी गई है, यहां खासा संदेह पैदा करता है. शायद यही वजह है कि गृह मंत्रालय ने मामले की जांच एनआईए को सौंपी है.  
बता दें कि इन प्रदर्शनों के बीच उत्तर प्रदेश के डीजीपी ओपी सिंह ने लखनऊ की हिंसा में 'बाहरियों' के शामिल होने पर शक जताया है. उन्होंने इस बात का भी संदेह जताया कि हिंसा में राजनीतिक दलों या एनजीओ आदि की भी भूमिका हो सकती है. उन्होंने कहा कि सभी एंगल से जांच चल रही है. उधर, पुलिस सूत्रों के हवाले से यह भी जानकारी मिली है कि लखनऊ की हिंसा के मामले में पुलिस ने बंगाल के मालदा के 6 लोगों को गिरफ्तार किया है .बता दें कि शांति के मकसद से NSCN (IM) के साथ कुछ वक्त पहले तक सरकार की बातचीत चल रही थी. संगठन ने नगा समुदाय के लिए अलग झंडे और संविधान की मांग की थी, जिसे सरकार ने खारिज कर दिया था. सरकार की ओर से साफ किया गया था कि बंदूक के साए में शांति के लिए बातचीत नहीं हो सकती.