सरकार कोरेगांव-भीमा के गलत मामलों को वापस लेने के पक्ष में : जयंत पाटिल
मुंबई, महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ गठबंधन के घटक दलों राकांपा और कांग्रेस ने 2018 के कोरेगांव-भीमा हिंसा से संबंधित मामले वापस लेने की मांग की है जबकि भाजपा ने इस मांग को 'नक्सलवाद का खुला समर्थन' करार दिया है। मंत्री जयंत पाटिल ने कहा कि शिवसेना-कांग्रेस -राकांपा सरकार गलत तरीके से फंसाए गए लोगों को राहत देने के पक्ष में है। राकांपा विधायक धनंजय मुंडे ने मंगलवार को मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को पत्र लिखा था और कोरेगांव-भीमा हिंसा से संबंधित मामलों को वापस लेने की मांग की थी। उन्होंने दावा किया था कि भाजपा के नेतृत्व वाली पिछली सरकार ने सामाजिक कार्यकर्ताओं समेत कई लोगों के खिलाफ 'गलत' मामले लगाए थे और उन्हें 'शहरी नक्सली' करार दिया था। बुधवार को कांग्रेस नेता नसीम खान ने कोरेगांव भीमा हिंसा का विरोध करने वाले दलित कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज मामले वापस लेने की मांग की। उन्होंने मराठा आरक्षण आंदोलन के प्रदर्शनकारियों को भी ऐसी ही राहत देने की मांग की। ठाकरे को पत्र लिखकर कांग्रेस नेता नसीम खान ने कहा कि दोनों आंदोलन 'प्राकृतिक न्याय' की मांग के लिए थे। कोरेगांव भीमा दंगे के सिलसिले में मामलों से जूझ रहे लोगों को राहत की मांग पर भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। महाराष्ट्र भाजपा के प्रवक्ता माधव भंडारी ने कहा, '' राकांपा का मामलों को वापस लेने की मांग नक्सलवाद का खुला समर्थन है। यहां तक कि अदालत ने माना है कि प्रथमदृष्टया आरोपियों के खिलाफ सबूत हैं जिसकी वजह से अदालत ने उनकी जमानत अर्जी स्वीकार नहीं की।'' उन्होंने सवाल किया, ''आरोप पत्र दाखिल किया जा चुका है। ऐसे में कोई कैसे मामलों को वापस ले सकते हैं?'' राकांपा नेता पाटिल ने यहां पत्रकारों से कहा, ''हमें कई लोगों से ज्ञापन मिले हैं जिनमें दावा किया गया है कि उन्हें कोरेगांव-भीमा (हिंसा) मामले में गलत तरीके से फंसाया गया है। (मामले वापस लेने के) ऐसे कदम पहले भी उठाए गए थे।'' उन्होंने कहा, ''सरकार चाहती है कि किसी के साथ अन्याय नहीं हो... सरकार किसी को परेशान नहीं करना चाहती... सरकार का मकसद मामलों में गलत तरीके से फंसाए गए लोगों को राहत देना है।'' पाटिल ने कहा कि हिंसा मामले में अगर किसी ने जानबूझकर भूमिका निभायी है तो सरकार उसका समर्थन नहीं करेगी। लेकिन (मामले वापस लेने पर) अंतिम निर्णय मुख्यमंत्री ठाकरे ही लेंगे क्योंकि गृह विभाग अबतक आवंटित नहीं किया गया है।
