साक्षी के पति अजितेश के भाई पर जानलेवा हमला, जानें साक्षी-अजितेश पर क्या लगे आरोप
बरेली : उत्तर प्रदेश के बरेली में शादी समारोह से परिवार के साथ लौट रहे अजितेश के भाई पर दबंगों ने हमला कर दिया। उनकी स्कार्पियो पर पथराव कर उसके शीशे तोड़ दिये। घटना की तहरीर बारादरी थाना पुलिस को दी गई है। पुलिस सीसीटवी के जरिये हमलावरों की पहचान करने में जुटी है। वीर सावरकरनगर के रहने वाले अभिषेक कुमार का पीलीभीत रोड पर टाइल्स का शोरूम है। अभिषेक साक्षी के पति अजितेश के बड़े भाई हैं। रविवार रात को वह एक शादी समारोह में नवादा रोड पर ग्रीन लान में गये थे। रात करीब एक बजे वह अपनी स्कार्पियो यूके 06 एएफ 3344 में बैठे। चार से पांच अज्ञात हमलावरों ने उनकी गाड़ी पर पथराव कर दिया। वह गाड़ी स्टार्ट कर वहां से भागे। इस दौरान उनकी गाड़ी के शीशे टूट गये। परिवार के लोगों को चोट भी लगी है। वीर सावरकर नगर स्थित घर पहुंचकर उन्होंने परिवार वालों को हमले की सूचना दी। इसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी। सोमवार सुबह थाना बारादरी में मामले की तहरीर दी गई।
अभिषेक ने पुलिस को बताया कि सोशल मीडिया, फोन पर उन्हें और उनके परिवार को आये दिन धमकियां मिलती रहती हैं। दहशत के माहौल में परिवार का पालन पोषण करना और रहना मुश्किल हो रहा है। उन्होंने हमलावरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किये जाने की मांग की है। इंस्पेक्टर बारादरी नरेश त्यागी ने बताया कि अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
गार्डों का रौब दिखाकर साक्षी, अजितेश और उनके परिवार वाले पड़ोसियों व कालोनी के लोगों को धमकाते हैं। इसकी वजह से कालोनी के लोग दहशत में हैं। उन्हें एससीएसटी के मुकदमे में फंसाने की धमकी दी जाती हैं। इसको लेकर पिछले दिनों साक्षी और उनकी पड़ोसन के बीच मारपीट भी हुई थी।
वीर सावरकर नगर कल्याण समिति के अध्यक्ष इंजीनियर एके सिंह के साथ दिनेश गिरि, रवि लेखनानी समेत कई लोग सोमवार को एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय से मिले। उन्होंने आरोप लगाया कि कालोनी के रहने वाले साक्षी-अजितेश ने सुरक्षा गार्डों के दम पर बवाल कर रखा है। आये दिन पड़ोसियों के साथ अभद्रता करते हैं। नौ नवंबर को समिति के सचिव और एमआर अंशुमान त्रिपाठी के घर में घुस गये। उनकी पत्नी योगिता त्रिपाठी के साथ मारपीट की। उसकी सीसीटीवी फुटेज मौजूद है। खुद ही मारपीट कर अपनी गाड़ी के शीशे तोड़ते हैं और आरोप दूसरों पर लगाते हैं। उनकी वजह से कालोनी के लोग दहशत में हैं। आये दिन साक्षी-अजितेश अनर्गल आरोप लगाते हैं और सबक सिखाने की धमकी देते हैं। एसएसपी ने एएसपी को जांच देकर मामले में कार्रवाई के आदेश दिये हैं।
