2 माह पूर्व जेल से छूटे युवक को बीच सड़क पर गोलियों से भूना
गाजियाबाद : गाजियाबाद के कविनगर थानाक्षेत्र में शनिवार को दिनदहाड़े बाइक सवार युवक की बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोली बरसाकर हत्या कर दी। घटना राज नगर सेक्टर नौ चौकी क्षेत्र में रेलवे स्टेशन रोड की है। अज्ञात हमलावर सफेद रंग की अपाचे बाइक से आए थे। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटनास्थल से पुलिस ने करीब 9 खोखे बरामद किए गए हैं, जबकि युवक को हाथ, पेट और आंख पर 5-6 गोलियां लगी हैं।
एसपी सिटी डॉ. मनीष कुमार मिश्र ने बताया कि मृतक की पहचान विनोद कुमार उर्फ भज्जी(24) के रूप में हुई है, जो संजयनगर सेक्टर 23 के एफ ब्लॉक में रहता था। विनोद के पिता राजाराम सब्जी बेचते हैं। परिवार में मां के अलावा छोटा भाई शिवम है। राजाराम के मुताबिक शनिवार दोपहर को वह नहा-धोकर घर से स्प्लेंडर बाइक से निकला था, कुछ देर बाद ही विनोद की हत्या की सूचना मिल गई। कविनगर थाना प्रभारी अनिल कुमार शाही ने बताया कि युवक सेक्टर-23 से राजनगर की ओर आ रहा था। इसी समय अपाचे सवार दो लोगों ने उसे रोका और फिर गोली मार दी।
घटनास्थल पर विनोद की बाइक खड़ी मिली थी इस कारण हत्या के पीछे रंजिश की आशंका जताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, विनोद दो माह पूर्व ही जेल से छूटा है. इससे पहले वह दो साल तक डासना जेल में बंद था। जनवरी-2018 में कविनगर थाना पुलिस ने विनोद समेत चार लोगों को वाहन चोरी के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेजा था। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि 2017 में सिहानी गेट थाना पुलिस ने उसे एक मर्डर के मामले में भी गिरफ्तार किया था।
