जब एक लव स्टोरी बन गई कई परिवारों के लिए आफत, जानें इसके बारे में

मेरठ : उत्तर प्रदेश के मेरठ के कंकरखेड़ा क्षेत्र के गांव नंगलाताशी में एक प्रेमी युगल की लव स्टोरी कई परिवारों के लिए आफत बन गई। प्रेमी युगल घर से फरार हो गया। खाकी ने जितनी सक्रियता इस केस में दिखाई, उतनी शायद लूट-डकैती जैसे गंभीर अपराध में भी देखने को न मिले। पिछले पांच दिन से दो परिवारों के चार सदस्य पुलिस की हिरासत में हैं। फरार लड़के से जितने भी लोग जुड़े हैं, उनके घर हर रोज दबिश दी जा रही है। दबिश के नाम पर तोड़फोड़ हो रही है। एक छात्र की परीक्षा छूट गई है। इन सबकी खता सिर्फ इतनी है कि वे उस लड़के के दोस्त या नाते-रिश्तेदार हैं।
नंगलाताशी गांव से 16 वर्षीय किशोरी 14 नवंबर को लापता हो गई। परिजनों ने उसी दिन कंकरखेड़ा थाने पहुंचकर गुमशुदगी की तहरीर दी। पुलिस जांच में पता चला कि किशोरी के गांव में रहने वाले उसी की बिरादरी के लड़के से प्रेम संबंध थे। यह लड़का भी घर से उसी दिन से फरार मिला। जांच आगे बढ़ी तो बात सामने आई कि लड़का-लड़की शादी करना चाहते थे। परिजनों के विरोध के बाद दोनों एकसाथ फरार हुए हैं। बस फिर क्या था, लड़का पक्ष से जुड़े परिवारों पर  पुलिस का कहर टूट पड़ा। लड़के का भाई और पिता उसी दिन से पुलिस की कस्टडी में हैं।
पड़ोस में रहने वाले लड़के के मामा और उनका भांजा भी पांच दिन से हिरासत में है। फरार हुए लड़के का भाई शहर के एक कॉलेज में बीबीए का छात्र है। पुलिस कस्टडी में होने से छात्र के पेपर छूट गए हैं। पुलिस पिता-पुत्र से हर बिंदू पर पूछताछ कर चुकी है, लेकिन फरार होने वाले प्रेमी युगल के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। लड़का पक्ष का कहना है कि केवल दबाव बनाने के लिए पुलिस ने सभी को हिरासत में ले रखा है। पुलिस इस सिलसिले में अब तक 10 से ज्यादा युवकों से पूछताछ कर चुकी है। लड़का-लड़की के बारे में जानकारी देने के लिए कह रही है। इनके परिवारों का कहना है कि यदि उन्हें जानकारी होती तो पुलिस को पहले ही बता चुके होते। अब पुलिस उन्हें बेवजह परेशान कर रही है। पुलिस की दबिश की वजह से आरोपी लड़के के दोस्त भी अपने घरों से चले गए हैं। खुद लड़के की मां पिछले कई दिन से घर से कहीं दूर है। उन्हें डर है कि पुलिस कहीं उन्हें भी उठाकर न ले जाए। बार-बार थाने बुलाकर पूछताछ होने से उन लोगों की बदनामी भी हो रही है। मेरठ के एसएसपी ने बताया कि नाबालिग लड़की के गायब होने का मामला गंभीर श्रेणी में आता है। पुलिस ऐसे मामलों में सामान्यत: आरोपी लड़के के परिचितों से पूछताछ करती है। इसमें मंशा यह भी होती है कि परिजनों से पूछताछ के दबाव में आकर शायद आरोपी लड़का खुद ही लड़की को लेकर लौट आए। लेकिन पूछताछ की आड़ में कोई ज्यादती नहीं होती। कंकरखेड़ा थाना के इंस्पेक्टर बिजेंद्रपाल राणा ने बताया कि नाबालिग लड़की लापता है। पूछताछ के लिए कई युवकों को हिरासत में लिया है। पूछताछ करके सभी को छोड़ दिया जाएगा। 24 घंटे से ज्यादा समय किसी को भी हिरासत में नहीं रखा गया कस्बा चौकी इंचार्ज लोकेश कुमार ने बताया कि  नाबालिग किशोरी की गुमशुदगी दर्ज है। उसकी खोजबीन के प्रयास किए जा रहे हैं। जो लड़का उसे बहला-फुसलाकर ले गया है, उसके परिचितों से पूछताछ चल रही है। जल्द किशोरी को बरामद किया जाएगा।