दिल्ली के नेताओं के साथ पवार की बैठक रद्द, शाम 4 बजे होगी राज्य कांग्रेस और राकांपा की मीटिंग

मुंबई. महाराष्ट्र में सरकार बनाने को लेकर 18 दिनों से चल रही उठापठक के बीच राज्यपाल ने अब तीसरे बड़े दल राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी को सरकार बनाने का निमंत्रण दिया है। राकांपा को शाम 8 बजे तक अपना बहुमत साबित करना है। इसको लेकर राकांपा मुंबई में दो बैठकें करने वाली थी। ताजा जानकारी के मुताबिक, इसमें से कांग्रेस के दिल्ली के नेताओं के साथ होने वाली उनकी बैठक रद्द हो गई है।  

इसके बाद अब सिर्फ महाराष्ट्र के कांग्रेस बड़े नेताओं के साथ शाम 4 बजे मुंबई में बैठक होगी। इससे पहले शरद पवार, कांग्रेस नेता मलिकार्जुन खडगे, वेणुगोपाल और अहमद पटेल से मिलने वाले थे। शरद पवार ने आज सुबह 11 बजे अपने विधायकों की एक बैठक बुलाई है। माना जा रहा है कि सरकार बनाने को लेकर वे उनकी राय लेंगे। इसके बाद दोपहर में राकांपा कोर कमेटी की बैठक भी है।   

इससे पहले सोमवार शाम शिवसेना नेता आदित्‍य ठाकरे ने भगत सिंह कोश्‍यारी से मुलाकात के दौरान सरकार बनाने का दावा पेश करने के लिए दो दिन का समय मांगा था, जिसे राज्‍यपाल ने देने से मना कर दिया। अब राज्‍यपाल ने राकांपा को सरकार बनाने का न्‍याैता दिया है। राकांपा नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल राज्‍यपाल से मिलने भी पहुंचा। इससे पहले मीडिया रिपोर्ट्स में खबरें आ रही थी कि राकांपा और कांग्रेस ने सैद्धांतिक तौर पर शिवसेना को सरकार बनाने के लिए समर्थन दे दिया है। उद्धव ठाकरे ने खुद फोन कर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को समर्थन देने के लिए राजी कर लिया है। हालांकि, इन खबरों को लेकर अधिकारिक तौर पर किसी खेमे से कोई जानकारी नहीं आई है। इसके बाद कांग्रेस ने बयान जारी कर कहा कि उनकी पार्टी नेताओं से अभी बात चल रही है। कांग्रेस इस बारे में मंगलवार को सरकार बनाने को लेकर चर्चा करेंगी, इसके बाद ही अंतिम फैसला लिया जाएगा।