महाराष्ट्र समेत कई प्रदेशों में 7 नवंबर तक बारिश का अनुमान, मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की चेतावनी

पुणे. इस सप्ताह महाराष्ट्र समेत कई प्रदेशों के कुछ हिस्सों में मध्यम और भारी बारिश हो सकती है। पुणे स्थित भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक, राज्य के विदर्भ, मराठवाड़ा, मध्य महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, ओडिशा, असम, मेघालय, कोंकण और गोवा, तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना में 7 नवंबर तक बारिश की संभावना है। महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री देवेंद्र फणडवीस ने शनिवार को आपात बैठक बुलाई है।  मौसम विभाग के मुताबिक, पुणे में अगले 48 घंटे के दौरान भारी बारिश की संभावना है। इस दौरान पश्चिमी अरब सागर और लक्षद्वीप में 80-90 किलीमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इनकी रफ्तार कहीं-कहीं पर 120 किलोमीटर प्रति घंटे भी हो सकती है। इस वजह से मछुआरों को समुद्र में नावें नहीं ले जाने की चेतावनी जारी की गई है। राज्य के कुछ हिस्सों में मानसूनी बारिश के बाद पिछले दो दिनों के दौरान फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। गुरुवार को शिवसेना के एक प्रतिनिधि मंडल ने राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से मुलाकात कर मदद की गुहार लगाई थी। वहीं राकांपा प्रमुख शरद पवार भी आज-कल में मराठवाड़ा के दौरे पर जाने वाले हैं। वे प्रभावित किसानों से मुलाकात करेंगे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को कहा कि महाराष्ट्र में कुछ हिस्सों में बेमौसम बारिश के चलते फसलों को नुकसान हुआ है। इसका आकलन करने के लिए एक केंद्रीय टीम को महाराष्ट्र भेजा जाएगा। शाह ने महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी को इसकी सूचना दी है। मुख्यामंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को कहा, राज्य में हुई असमय बारिश की वजह से सबसे ज्यादा नुकसान औरंगाबाद में हुआ। वहीं कोंकण की 46, नासिक की 52, पुणे मंडल की 51, नागपुर मंडल की 41 तहसीलें इससे प्रभावित हुई हैं। सबसे ज्यादा सोयाबीन की फसल बर्बाद हुई है। किसानों को हर संभव मदद मिलेगी। इसके लिए संबंधित जिलों के जिलाधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं।