जर्जर पुलों का होगा कायाकल्प ै२७ करोड़ होंगे खर्च
मुंबई : छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस से सटे हिमालय पुल हादसे के बाद से मनपा चरणबद्ध तरीके से जर्जर पुलों का पुनर्निर्माण कर रही है। इसी कड़ी में मनपा पश्चिम उपनगर के तीन पुलों सहित दो फुटओवर ब्रिज का भी पुननिर्माण करने जा रही है। ये सभी पुल जर्जर हो चुके हैं। इन पुलों के पुनर्निर्माण पर करीब २७ करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे।
बता दें कि अंधेरी के गोखले पुल
और सीएसएमटी के हिमालय पुल हादसे के बाद से ही मुंबई के पुलों की सुरक्षा
का सवाल खड़ा हो गया था। इन हादसों के बाद से मनपा ने दोबारा शहर और उपनगर
के सभी पुलों का आॅडिट कराया था। इस आॅडिट रिपोर्ट के आधार पर मनपा चरणबद्ध
तरीके से सभी पुलों का पुनर्निर्माण करा रही है। इसी कड़ी में मनपा
पी-उत्तर, पी-दक्षिण और आर-दक्षिण वॉर्ड के अंतर्गत गोरेगांव, कांदिवली और
मालाड के तीन पुल और दो एफओबी का पुनर्निर्माण किया जाएगा। कांदिवली-पश्चिम
के एसवी रोड स्थित पुल, कांदिवली-पूर्व के आकुर्ली रोड पर एफओबी,
कांदिवली-पश्चिम के विट्ठल रुक्मिणी मंदिर के समीप एफओबी, गोरेगांव-पूर्व
के वालभट्ट नाला ब्रिज और मालाड के एसवी रोड स्थित ब्रिज का पुननिर्माण
किया जाएगा। इन पुलों के पुनर्निर्माण के लिए निविदा भी जारी हो चुकी है।
