निकाह के चार माह बाद 'तीन तलाक' बोल पत्नी को घर से निकाला, मारपीट में गर्भ गिरा
मथुरा में तीन तलाक का एक और मामला सामने आया है। दहेज में एक लाख रुपये और मोटरसाइकिल न मिलने पर निकाह के चार माह बाद ही पति ने तीन तलाक बोल पत्नी को घर से निकाल दिया। आरोप है कि पति ने उसके साथ मारपीट की। इससे पत्नी का गर्भ गिर गया। पीड़ित पत्नी ने सोमवार को कोतवाली वृंदावन में तहरीर दी है। वृंदावन के गौरानगर निवासी एक महिला ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि मथुरा के सदर थाना क्षेत्र निवासी एक युवक से उसका निकाह पिछले 16 जून को हुआ था। पिता ने शादी में पांच लाख रुपए खर्च किए। शादी के कुछ दिन बाद से ही पति, ससुर व सास ने एक लाख रुपए व मोटरसाइकिल की मांग की। आरोप है कि मांग पूरी न होने पर पति और ससुरालीजान विवाहिता से मारपीट करने लगे। पीड़ित ने बताया कि मारपीट के कारण गर्भ में पल रहे बच्चे की भी मौत हो गई। दो सितंबर को पति ने पत्नी के सारे गहने उतार लिए। इसके बाद तीन तलाक कहकर घर से निकाल दिया गया। इसके बाद पीड़ित महिला अपने माता-पिता के घर आ गई।
पीड़िता ने पति और ससुरालिजनों के विरुद्ध कोतवाली में तहरीर देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी संजीव कुमार का कहना है कि महिला की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। जांच कर दोषी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि तीन तलाक पर कानून बनने के बाद भी मथुरा जिले में कई मामले आ चुके हैं।
