मतदान के लिये मुंबई तैयार, आज मतदान

मुंबई : विधानसभा चुनाव के लिए सोमवार को मतदान होगा। मुंबई की 36 विधानसभा सीटों पर उतरे 333 प्रत्याशियों का भाग्य का फैसला 97 लाख 72 हजार 767 मतदाता करेंगे। मुंबई  शहर की 10 और उपनगरों की 26 सीटों पर मतदान के लिए कुल 9989 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। वोटिंग के लिए प्रशासकीय मशीनरी पूरी तरह तैयार है। मुंबई और उपनगरों के  जिला चुनाव अधिकारियों ने मतदाताओं से अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील की है। मुंबई शहर की 10 सीटों पर 89 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला 25 लाख 9  हजार 518 मतदाता करेंगे, जबकि उपनगर की 26 सीटों पर चुनाव मैदान में किस्मत आजमा रहे 224 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला 72 लाख 63 हजार 249 वोटर करेंगे। मुंबई  शहर में मतदान के लिए 2592 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। मुंबई शहर के जिला अधिकारी और चुनाव अधिकारी शिवाजी जोंधले ने बताया कि चुनाव के लिए 21 हजार अधिकारी- कर्मचारी तैनात किए गए हैं। साथ ही कानून और व्यवस्था की स्थिति बनाए रखने के लिए पुलिस, राज्य रिर्जव पुलिस बल, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के जवान तैनात किए गए  हैं। उपनगर में मतदान के लिए 7 हजार 397 केंद्र बनाए गए है। मतदान के लिए 60 हजार अधिकारी- कर्मचारियों को नियुफ्त किया गया है। इस बात की जानकारी उपनगर के  जिला अधिकारी और चुनाव अधिकारी मिलिंद बोरीकर ने दी।

मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। शाम 6 बजे तक मतदान केंद्र के बाहर कतार में खड़े वोटरों को मतदान करने का मौका दिया जाएगा। मतदान केंद्रों पर वोटरों को  मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं होगी।

मुंबई की 36 सीटों में जिन नामचीन उम्मीदवारों का भाग्य ईवीएम में कैद होगा, उनमें युवा सेना प्रमुख  आदित्य ठाकरे, मुंबई भाजपा अध्यक्ष मंगल प्रभात लोढ़ा, रविंद्र वायकर,  अतुल भातखलकर, पराग अलवणी, विद्या ठाकुर, राम कदम, अबू आसिम आजमी, नवाब मलिक आदि शामिल हैं।