बहन पंकजा पर टिप्पणी मामले में धनजंय मुंडे के खिलाफ केस दर्ज

महाराष्ट्र की मंत्री एवं अपनी चचेरी बहन पंकजा मुंडे पर एक चुनाव रैली में कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी नेता और विधान परिषद में  विपक्ष के नेता धनंजय मुंडे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। मुंडे की कथित टिप्पणी की मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस  और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने कड़ी आलोचना करते हुए उनके बयान का निषेध किया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि महिला और बाल विकास मंत्री के खिलाफ राकांपा  नेता की टिप्पणियों वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। इसके बाद बीड़ जिले के परली से ताल्लुक रखने वाले एक भाजपा नेता ने शनिवार को पुलिस में शिकायत  दर्ज कराई थी। राकांपा नेता ने हालांकि कहा कि जो वीडियो वायरल हुआ है, उससे छेड़छाड़ की गई है और वह फर्जी है। उनकी टिप्पणियों को तोड़ा- मरोड़ा गया है। दोनों चचेरे भाई- बहन परली से चुनाव मैदान में हैं। धनंजय राकांपा के और पंकजा भाजपा की उम्मीदवार हैं। पंकजा मुंडे परली से मौजूदा भाजपा विधायक और पार्टी के दिवंगत नेता गोपीनाथ मुंडे  की पुत्री हैं। पुलिस अधिकारी ने कहा, परली भाजपा अध्यक्ष जुगल किशोर लोहिया की शिकायत पर शनिवार देर रात धनंजय मुंडे के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 500  (मानहानि), 509 (महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने के लिए श द, हावभाव का इस्तेमाल) और 294 (सार्वजनिक स्थल पर अश्लील कृत्य) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। जुगल   किशोर लोहिया ने आरोप लगाया कि धनंजय ने पंकजा के खिलाफ 17 अक्टूबर को केज तहसील के विडा गांव में एक सार्वजनिक बैठक के दौरान अश्लील टिप्पणयां कीं। भाजपा ने  इस बारे में निर्वाचन आयोग और महिला आयोग से भी शिकायत की है। वहीं, धनंजय मुंडे ने शनिवार देर रात फेसबुक पर एक बयान में कहा कि उनकी टिप्पणियों को तोड़ा- मरोड़ा  गया है और वायरल वीडियो फर्जी है। धनंजय मुंडे ने कहा कि संपादित क्लिप की प्रामाणिकता की जांच फॉरेंसिक प्रयोगशाला में कराई जानी चाहिए। राज्य विधान परिषद में नेता   विपक्ष ने कहा कि जिन लोगों ने वीडियो को संपादित किया है, उन्हें कम से कम बहन-भाई के पवित्र रिश्ते का तो सम्मान करना चाहिए था।