पूर्व शिवसेना विधायक ने उद्धव ठाकरे को लेकर की आपत्तिजनक टिप्पणी, घर पर हुई तोड़फोड़
औरंगाबाद. औरंगाबाद के कन्नड़ में पूर्व विधायक हर्षवर्धन जाधव ने अपनी पुरानी पार्टी शिवसेना और उसके नेताओं की आलोचना करते-करते भाषा की मर्यादा ही लांघ गए। जिसके बाद नाराज शिवसेना कार्यकर्ताओं ने जाधव के घर पर गुरुवार तड़के पथराव कर दिया और उनकी कार तोड़ डाली।
पुलिस के अनुसार गुरुवार तड़के अज्ञात लोगों ने जाधव के घर पर हमलाकर तोड़फोड़ की है। इसमें एक कार और खिड़की के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए हैं। इस घटना के समय जाधव की पत्नी और दो बेटे घर के अंदर मौजूद थे। 15 अक्टूबर को औरंगाबाद में कन्नड से निर्दलीय के रूप में चुनाव लड़ रहे जाधव ने एक रैली में पूर्व कांग्रेस मंत्री अब्दुल सत्तार के शिवसेना में जाने और पार्टी प्रमुख उद्धव ठाकरे को लेकर कथित तौर पर कुछ आपत्तिजनक टिप्पणी की थी।
हर्षवर्धन जाधव ने उद्धव ठाकरे पर टिप्पणी करते हुए कहा, 'उद्धव ठाकरे ने अपनी सभा में कहा कि हरा झंडा ऊपर चढ़ाया है और भगवा झंडा नीचे उतारा है, अगर शिवसेना की मुसलमानों को लेकर ये भावना है तो फिर क्या अब्दुल सत्तार तुम्हारी मां का पति है क्या? यह फिर कोई रिश्तेदार है तुम्हारा? बता दें कि अब्दुल सत्तार जिले में सिल्लोड विधानसभा क्षेत्र से शिवसेना के उम्मीदवार हैं। जाधव की कथित टिप्पणी वाले एक वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिवसेना के कुछ नाराज कार्यकर्ता बुधवार शाम सीआईडीसीओ (सिडको) पुलिस स्टेशन पहुंच गए थे और उनके खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की थी।
जाधव की पत्नी संजना जाधव की ओर से पुलिस को दी गई शिकायत में कहा गया है कि गुरुवार को तड़के करीब डेढ़ बजे कुछ अज्ञात लोगों ने उनके निवास पर पत्थरों से हमला किया। इस हमले में उनकी एक कार और खिड़की का शीशा टूट गया। संजना जाधव ने कहा कि हमारे घर पर हमला करने वाले लोग 'जय भवानी, जय शिवाजी' जैसे नारे लगा रहे थे। स्थानीय पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस घटना के बाद जाधव के आवास पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है और जिले में उनके दूसरे घर पर भी पुलिसकर्मियों को भी तैनात किया गया है।
बता दें कि जाधव ने पिछले साल मराठों, धनगरों और मुसलमानों के आरक्षण के मुद्दे पर पार्टी नेतृत्व से नाराज होकर शिवसेना से इस्तीफा दे दिया था। बाद में उन्होंने अपना स्वयं का संगठन शिव स्वराज्य बहुजन पक्ष बना लिया। इस बीच, शिवसेना के जिला अध्यक्ष और एमएलसी अंबादास दानवे ने बताया कि पार्टी कार्यकर्ता ठाकरे के खिलाफ कथित "अपमानजनक" टिप्पणी पर जाधव से नाराज थे।
