फर्स्ट क्लास हटेगा एसी कोच लगेगा

मुंबई, मुंबई के प्रत्येक उपनगरीय रेल यात्रियों के लिए सफर के दौरान लोकल में एसी कोच का भी विकल्प मौजूद रहे इसलिए रेलवे ने सेमी एसी लोकल की योजना बनाई है। योजना के मुताबिक पश्चिम रेलवे ने सेकंड क्लास यात्रियों की संख्या को ध्यान में रखते हुए १५ डिब्बा लोकल को सेमी एसी लोकल में तब्दील करने की योजना बनाई हैं, जिसमें सेमी लोकल के ९ डिब्बे साधारण और ६ डिब्बे वातानुकूलित होंगे। इस सेमी लोकल में फर्स्ट क्लास के कोच को हटाया जाएगा और उसकी जगह एसी कोच लगाए जाएंगे। पश्चिम रेलवे में फिलहाल ४ एसी लोकल के रेक हैं। जिनमें से ३ रेक भेल कंपनी के है जबकि एक रेक मेधा कंपनी का है। मेधा कंपनी के रेक में कई तकनीकी परेशानी के कारण ९ महीने से यार्ड में खड़े हैं जबकि भेल कंपनी के ३ रेक में से एक ही एसी रेक (भेल कंपनी का) यात्री सेवा में शामिल है जबकि दूसरा एसी रेक १५ महीने की सर्विस पूरी कर दुरुस्ती में लगा है, वहीं अन्य एक एसी रेक का ट्रायल रन किया जा रहा है।
अंधेरी से विरार हो रहा प्लेटफॉर्म विस्तार
१५ डिब्बा लोकल ट्रेन परिचालन के लिए अंधेरी से विरार के बीच धीमे मार्ग पर प्लेटफॉर्म का विस्तार सभी स्टेशनों पर पश्चिम रेलवे कर रही है। फिलहाल प्लेटफॉर्म विस्तार के दौरान रेलवे को जोगेश्वरी और विरार इस दो धीमे मार्ग के स्टेशनों पर जगह की कमी को लेकर विस्तार कार्य में दिक्कतें आ रही है। रेल अधिकारियों की मानें तो मार्च २०२० तक प्लेटफॉर्म विस्तार का काम पूरा हो जाएगा।