अब सोनी राजदान ने भी जाहिर की निराशा
ऐक्ट्रेस तापसी पन्नू और भूमि पेडनेकर स्टारर फिल्म 'सांड की आंख' अपनी कास्टिंग को लेकर हो रहे विवाद के कारण सुर्खियों में बनी हुई है। अब ऐक्ट्रेस और आलिया भट्ट की मां सोनी राजदान ने भी बुजुर्ग किरदार के लिए सीनियर ऐक्ट्रेसेस को न कास्ट किए जाने पर सवाल उठाए हैं। बता दें, 'सांड की आंख' की कहानी उत्तर प्रदेश के बागपत के जोहरी गांव की दो महिलाओं चंद्रो तोमर और प्रकाशी तोमर यानी शूटर दादी की जिंदगी पर आधारित है। दोनों ने 60 वर्ष की उम्र में स्थानीय राइफल क्लब में शूटिंग सीखनी शुरू की थी। 60 वर्ष की महिला का रोल निभाने के लिए तापसी और भूमि को चुने जाने पर सोनी ने कहा कि वह दोनों ऐक्ट्रेसेस को पसंद करती हैं लेकिन वह इस बात को नहीं समझ पा रही हैं कि उन्हें अपनी उम्र से बड़े रोल के लिए क्यों चुना गया है।
सोनी ने सवाल उठाए कि क्यों फिल्ममेकर्स 60 वर्ष के लोगों पर फिल्म बना रहे हैं, अगर वे इसके लिए असल उम्र वाले ऐक्टर्स को चुन नहीं सकते हैं। उन्होंने आगे कहा कि चूंकि युवा अनुपम खेर को फिल्म 'सारांश' में 60 वर्ष का रोल निभाने के लिए कास्ट किया गया, इसलिए यह उचित नहीं है कि फिल्म बनाने के दौरान डायरेक्टर को सीमित कर दिया जाए। इन दिनों रोल्स हासिल करने को लेकर उम्रदराज अभिनेता बेहद सीमित हैं।
दरअसल, यह मामला तब शुरू हुआ जब एक सोशल मीडिया यूजर ने कहा कि फिल्म 'सांड की आंख' में शूटर दादियों के रोल के लिए नीना गुप्ता, शबाना आजमी या जया बच्चन ज्यादा बेहतर होतीं लेकिन मेकर्स ने भूमि और तापसी को चुना।
इस पर नीना गुप्ता ने भी सहमति जताई। उन्होंने यूजर को जवाब देते हुए लिखा, 'हां, मैं भी इस बारे में सोच रही थी। हमारी उम्र के रोल तो कम से कम हमसे करा लो भाई।'
