लिंगानुपात कम इसलिए देवी मूर्तियों के साथ देंगे बेटी बचाओ का संदेश
ग्वालियर, नवरात्र के लिए देवी प्रतिमाएं तैयार कर रहे कलाकार इस बार अपनी कला से बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का संदेश भी समाज को देंगे। दरअसल जिला प्रशासन ने गुरुवार को मूर्तिकारों को बाकायदा पत्र जारी कर कहा है कि वे जितनी भी प्रतिमाएं तैयार करें, उसमें बेटी बचाने और बेटी पढ़ाने का संदेश भक्तों को मिल सके। क्योंकि शहर के 13 वार्डों में लिंगानुपात जिले की तुलना में काफी कम हो गया है। इसके बाद प्रतिमाओं को आकार दे चुके कलाकारों ने अब इसके उपाय खोजने शुरू कर दिए हैं। प्रदेश में एक हजार बेटों पर 918 बेटियां हैं। जिले में इनकी संख्या 849 है, लेकिन शहर में 13 वार्डों में यहां आंकड़ा 800 से भी कम रह गया है। मूर्तिकार नरेंद्र के अनुसार वे अब देवी प्रतिमा के दोनों तरफ एक-एक बच्ची की प्रतिमा लगाएंगे। . इनमें एक प्रतिमा के हाथ में बेटी बचाओ और दूसरी बच्ची की प्रतिमा के हाथ बेटी पढ़ाओ का संदेश देने वाली तख्ती दी जाएगी। इसी तरह मूर्तिकार धनीराम प्रजापति भी बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ थीम पर मूर्तियां तैयार कर रहे हैं।.
