दशहरा पूर्व बेस्ट कर्मचारियों की दिवाली, 9100 रुपये मिलेगा बोनस
मुंबई : बेस्ट के 41 हजार कर्मचारियों की दसहरा पूर्व ही दिवाली हो गई है। बेस्ट कर्मचारियों को बेस्ट प्रशासन ने 9 हजार एक सौ रुपए बोनस देने की घोषणा की है। बेस्ट कर्मचारियों को पिछले साल साढ़े पांच हजार बोनस की घोषणा करने के बाद भी कर्मचारियों को बोनस की फूटी कौड़ी भी नहीं मिली थी। उल्लेखनीय है कि बेस्ट की मान्यता प्राप्त युनियन ने बेस्ट प्रशासन और शिवसेना की युनियन से सातवें वेतन आयोग की तर्ज पर बेस्ट कर्मचारियों का वेतन अनुबंध किया। बेस्ट की सबसे बड़ी एक जमाने में मान्यता प्राप्त रही युनियन के नेता शशांक राव को वेतन अनुबंध मान्य नहीं होने से 9 अक्टूबर से हड़ताल पर जाने की घोषणा की थी, वहीं बेस्ट प्रशासन ने कर्मचारियों को अपनी ओर आकर्षित करने के लिए 9 हजार 100 रुपए बोनस देने की शुक्रवार की शाम घोषणा कर दी। बेस्ट प्रशासन ने पिछले साल 5 हजार 500 रुपए बोनस की घोषणा की थी, लेकिन कर्मचारियों अभी तक फूटी कौड़ी भी नहीं मिली। बेस्ट प्रशासन ने शुक्रवार को बोनस देने का निर्णय लिया है, जिसकी अब मात्र बेस्ट समिति की मंजूरी लेना बाकी है। समिति की मंजूरी मिलते ही बेस्ट कर्मचारियों को बोनस देने की जानकारी बेस्ट की ओर से दी गई है। बेस्ट के 41 हजार कर्मचारियों को 9 हजार 100 रुपए बोनस दिए जाने से बेस्ट पर 37 करोड़ 31 लाख रुपए का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। बेस्ट कर्मचारियों को पिछले दो साल से बोनस के लिए तरसना पड़ा था।
