दिल्ली के ज्वैलरी शोरूम की सेल्स गर्ल से मेरठ में रेप

दिल्ली के ज्वैलरी शोरूम में जॉब करने वाली युवती से मेरठ में रेप का मामला सामने आया है। युवती से पहले फेसबुक पर दोस्ती हुई। दोनों में प्यार परवान चढ़ा और फिर शादी का झांसा देकर मेरठ में उसके साथ कई बार रेप किया गया। पूरे मामले में सिविल लाइन पुलिस को मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया गया है।
बुधवार को एसएसपी कार्यालय पर पहुंची दिल्ली के तिलकनगर स्थित गुरुनानक नगर निवासी युवती ने अपनी व्यथा पुलिस अधिकारियों को सुनाई। युवती के मुताबिक, वह मेरठ में नौचंदी थाना क्षेत्र के जैदी फार्म निवासी युवक से उसकी करीब ढाई साल पहले फेसबुक पर दोस्ती हुई थी। शुरुआत में युवक ने अपना नाम बदलकर बताया, लेकिन बाद में सच्चाई बता दी। इसके बाद दोनों में प्यार बढ़ता चला गया। युवती का कहना है कि इस दौरान युवक ने शादी करने का झांसा दिया और फिर उसके साथ कई बार रेप किया गया। युवती ने नौचंदी क्षेत्र का वह होटल भी बताया, जहां उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए गए। आरोप है कि अब युवक ने शादी करने से इनकार कर दिया।
युवती ने बताया कि 17 सितंबर को वह अपने वकील से मिलने के लिए कचहरी में आ रही थी। आरोपी युवक और उसके परिजनों ने अंबेडकर चौराहा पर उसे पकड़ लिया और जमकर पिटाई की। आरोपी उसे शिकायत करने पर मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। एसएसपी कार्यालय में जनसुनवाई कर रहे सीओ अखिलेश भदौरिया ने सिविल लाइन थाना पुलिस को मुकदमा दर्ज करने का निर्देश दिया है।