जालसाजों से जूझ गई बहादुर बिटिया

जौनपुर : जौनपुर जिले के मड़ियाहूं कस्बे के रामजानकी मंदिर के पास स्थित एटीएम से रुपये निकालने आई छात्रा को झांसे में लेकर बाइक सवार दो जालसाज उसके एक हजार रुपये लेकर भागने लगे। छात्रा ने बहादुरी दिखाते हुए उनकी बाइक की चाबी निकाल ली और उनसे जूझ गई। नतीजन एक जालसाज पकड़ लिया गया जबकि उसका एक साथी फरार हो गया। छात्रा की इस बहादुरी पर परिवार और इलाके के लोगों को फख्र है। एसपी रविशंकर छवि ने कहा कि छात्रा को सम्मानित किया जाएगा। नेवढ़िया थाना क्षेत्र के छांगापुर गांव निवासी वीरेंद्र गिरि की बेटी प्रीति गिरि(16) जेआरएस पब्लिक स्कूल में 11वीं की छात्रा है। बुधवार को वह अपनी चाची संध्या गिरि के साथ नगर के राम जानकी मंदिर के सामने स्थित एटीएम से रुपये निकालने आई थी। वह एटीएम से रुपये निकालने की कोशिश कर रही थी लेकिन मशीन काम नहीं कर रही थी।
इस पर बगल में खड़े जालसाज ने मदद के नाम पर प्रीति से एटीएम कार्ड ले लिया और उससे पिन कोड पूछ कर मशीन में काफी देरतक इधर उधर करता रहा। फिर मशीन खराब है कहकर कार्ड प्रीति को पकड़ाते हुए बाहर निकल गया। जहां उसका साथी बाइक पर सवार होकर उसका इंतजार कर रहा था। प्रीति भी एटीएम से बाहर निकल गई थी कि इतने में ही उसके मोबाइल पर खाते से 1000 रुपये निकलने का मैसेज आ गया।
मामला समझते ही वह दौड़ी और बाइक स्टार्ट कर रहे जालसाजों की बाइक से चाभी निकाल ली तथा पीछे बैठे युवक से जूझ गई। बाइक चालक ने अपने साथी को छुड़ाना चाहा पर आसपास के लोग दौड़ पड़े तो वह बाइक छोड़कर फरार हो गया। बाद में पुलिस ने बाइक को कब्जे में लेकर जालसाज को गिरफ्तार कर लिया। कोतवाल दिनेश प्रकाश पांडे ने बताया कि छात्रा की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसके साथी की तलाश की जा रही है। एसपी रविशंकर छवि का कहना है कि प्रीति की बहादुरी पर उन्हें भी फख्र है। उसकी सजगता से अपराधी को मौके से गिरफ्तार किया जा सका है। वह जालसाजी और उचक्कागिरी का शिकार होने वालों के लिए प्रेरणा स्रोत है। प्रीति को पुलिस की ओर सम्मानित किया जाएगा।