एटीएम फ्रॉड में एमबीए पास और इंजीनियर गिरफ्तार
जल्द अमीर बनने का लालच कुछ युवाओं में इस कद्र बढ़ता जा रहा है कि इसके लिए वो जालसाजी जैसा गलत रास्ता चुनने से भी गुरेज नहीं करते हैं। ऐसा ही एक मामला नोएडा में सामने आया है, जहां एक इंजीनियर और एक एमबीए पास युवक को पुलिस ने धोखाधड़ी के आरोप में गिरफ्तार किया है। नोएडा पुलिस ने मंगलवार रात को एटीएम से जालसाजी कर पैसे निकालने वाले दो बदमाशों को गिरफ्तार कर इनके पास से 10,700 रुपये नकद, 10 एटीएम कार्ड, आधार कार्ड और 2 पैन कार्ड बरामद किए हैं। एसपी (ग्रामीण) रणविजय सिंह ने बुधवार को बताया कि मंगलवार रात को एक सूचना के आधार पर थाना बीटा- दो पुलिस ने मनीष और प्रशांत नामक दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से 10,700 रुपये नकद 10 एटीएम कार्ड, 2 पैन कार्ड, आधार कार्ड आदि बरामद किए हैं।
एसपी ने बताया कि पूछताछ के दौरान गिरफ्तार बदमाशों ने पुलिस को बताया कि वे लोगों से किसी तरह एटीएम का पिन कोड हासिल कर लेते थे और बाद में पिनकोड के आधार पर उनके एटीएम से पैसा निकाल लेते थे। एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में मनीष ने एमबीए तक की पढ़ाई की है, जबकि प्रशांत ने इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है। उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने पुलिस को बताया कि इन लोगों ने एटीएम से पैसे निकालने की दर्जनों वारदातें की हैं। पुलिस इनसे गहनता से पूछताछ कर रही है।
