दक्षिण अफ्रीका से T20 मुकाबले से पहले जान लीजिए मोहाली के मौसम का हाल

रविवार को लगातार बारिश की वजह से धर्मशाला में भारत के घरेलू सत्र का पहला मैच धुल गया था, लेकिन बुधवार को क्रिकेट प्रशंसकों को मौसम निराश नहीं करेगा. पूर्वानुमान में बताया गया है कि मोहाली का मौसम क्रिकेट के अनुकूल रहेगा. मोहाली के पीसीए आईएस बिंद्रा स्टेडियम में भारत और साउथ अफ्रीका के बीच सीरीज का दूसरा टी-20 मुकाबला शाम सात बजे से खेला जाएगा.

मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, भारत-दक्षिण अफ्रीका के बीच टी-20 मुकाबले के दौरान आसमान साफ रहने की संभावना है. यहां का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा, जबकि यहां की आर्द्रता 70-75% के आसपास रहेगी, जो खिलाड़ियों के लिए राहत की बात नहीं है. जहां तक पिच का सवाल है, तो यहां बल्लेबाज काफी रन बटोर सकते हैं. मोहाली की पिच को टी-20 में बड़े स्कोर के लिए जाना जाता है. दूसरी तरफ, यहां की पिच से अच्छा उछाल मिलता है, जिसका गेंदबाज और बल्लेबाज दोनों ही फायदा उठा सकते हैं. विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत के लिए भी यह मुकाबला महत्वपूर्ण होगा, क्योंकि पिछले कुछ मैचों में वह मौकों का फायदा उठाने में नाकाम रहे हैं और उन पर बेहतर प्रदर्शन करने का दबाव बढ़ता जा रहा है. 

दूसरी तरफ शिखर धवन के पास भी बड़ी पारी खेलने का मौका होगा. यहां का मैदान धवन को काफी रास आता है. इसी मैदान पर उन्होंने टेस्ट पदार्पण करते हुए 187 रनों की पारी खेली थी, जबकि पिछले साल ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे अंतरराष्ट्रीय मैच में 143 रन बनाए थे, लेकिन टीम इंडिया को हार का सामना करना पड़ा था.