राजस्थान: मायावती को झटका, कांग्रेस में शामिल हुए सभी 6 विधायक

नई दिल्ली : राजस्थान में मायावती को उन्हीं की पार्टी के विधायकों से गहरा झटका लगा है। राज्य में बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) के सभी छह विधायकों ने कांग्रेस पार्टी जॉइन कर ली है या यूं कहें कि वहां बीएसपी का कांग्रेस में विलय हो गया है। सोमवार रात इसकी पुष्टि हुई। कांग्रेस में शामिल एक विधायक ने कहा कि उन्होंने ऐसा अपने-अपने क्षेत्र के विकास के लिए किया है। बता दें कि ये सभी विधायक अबतक बाहर से कांग्रेस को समर्थन दे रहे थे।
कांग्रेस में शामिल हुए बीएसपी विधायक जोगिंदर सिंह ने इसपर बात की। उन्होंने बताया कि वे सभी 6 विधायक कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। वह बोले, 'यहां हमारे सामने बहुत सी परेशानियां हैं। एक तरफ हम उनकी सरकार का समर्थन कर रहे हैं और दूसरी तरफ हम उनके खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं।' जोगिंदर सिंह अवाना ने आगे कहा, 'ऐसे में अपने क्षेत्र के विकास के बारे में सोचते हुए, अपने लोगों का भला सोचने हुए हमने यह कदम उठाया है।'

बहुजन समाज पार्टी के सभी छह विधायकों ने राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष को इसके संबंध में एक पत्र भी सौंपा। विधानसभा अध्यक्ष सी पी जोशी ने इसकी पुष्टि की।