सेंट्रल पार्क में लड़का-लड़की की मिली लाश, शिनाख्त नहीं
दिल्ली: दिल्ली के पहाड़गंज इलाके के सेंट्रल पार्क में गुरुवार शाम करीब साढ़े पांच बजे एक लड़का और लड़की की लाश मिली, जिसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. चश्मदीदों के मुताबिक दोनों दोपहर से ही पार्क में बैठे थे. शाम तकरीबन साढ़े 5 बजे दोनों बेहोशी की हालत में मिले तो लोगों ने उठाने की कोशिश की, जब नहीं उठे तो वहां मौजूद लोगों ने पुलिस को खबर दी. पुलिस मौके पर पहुंची तो देखा कि दोनों की मौत हो चुकी है. दोनों की उम्र करीब 20 से 25 साल बताई जा रही है. अभी लड़का और लड़की की पहचान नहीं हो पाई है. पुलिस के मुताबिक, दोनों के पास से जो दस्तावेज मिले हैं उससे पता चलता है कि दोनों हरियाणा के महेंद्रगढ़ के रहने वाले हैं. शुरुआती जांच में जहर खाकर आत्महत्या का शक जताया जा रहा है. फिलहाल दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की तफ्तीश जारी है.
