केशव प्रसाद मौर्य : मुंबई के उत्तर भारतीयों की समस्याओं का होगा निपटारा
मुंबई : मुंबई में रहने वाले लाखों उत्तरभारतीयों के लिए यह खबर बेहद सुखद होगी। मुंबई दौरे पर आए उत्तरप्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि अब मुंबई में रहने वाले लाखों उत्तरभारतीय किसी न किसी मामले में परेशान रहते हैं, जिसको लेकर उन्हें मुंबई से भाग कर जाना पड़ता है। इस वजह से उन्हें बड़ी परेशानियां झेलनी पड़ती हैं। उन्होंने कहा कि लोगों की समस्याओं का कुछ हद तक सरलता से निपटारा करने के लिए लखनऊ स्थित उनके कार्यालय पर एक सेल स्थापित किया जाएगा, जिस पर मुंबई में रहने वाले लोग फोन अथवा मेल पर शिकायत कर सकेंगे। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मौर्य को भाजपा ने महाराष्ट्र का सह प्रभारी बनाया है। महाराष्ट्र में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा की जोरदार तैयारी शुरू हो गई है। 2014 के लोकसभा चुनाव से उत्तरभारतीयों का झुकाव भाजपा की ओर बढ़ा है। पार्टी उसी को देखते हुए उत्तर भारतीय मतदाताओं को और अधिक आकर्षित करने के लिए भरसक प्रयास कर रही है। मौर्य इस समय मुंबई दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने महाराष्ट्र में रहने वाले उत्तरभारतीयों के लिए बड़ी सौगात दी है। मौर्य ने कहा कि महाराष्ट्र के प्रवासी उत्तरप्रदेश के लोगों के गांवों की समस्याओं का हल निकालने के लिए लखनऊ स्थित अपने कार्यालय पर एक अलग डेस्क शुरू किया है। उन्होंने कहा कि मुंबई में बड़ी संख्या में रहने वाले उत्तरभारतीयों को छोटी-बड़ी समस्याओं के लिए अपने गांव भागना पड़ता है और बड़ी परेशानियां झेलनी पड़ती हैं। इसके लिए अब ऐसे लोग अपनी समस्या मोबाइल अथवा मेल द्वारा उन्हें प्रेषित कर सकेंगे। हम उनकी समस्याओं का कुछ हद तक निपटारा करने की कोशिश करेंगे।
मौर्य ने कहा कि आने वाले दिनों में उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से मुंबई में एक रेजिडेंट कमिश्नर की नियुक्ति भी करने पर विचार चल रहा है। इस तरह की व्यवस्था कुछ अन्य राज्यों द्वारा मुंबई में की गई है। उत्तर प्रदेश के लोगों की मुंबई में बड़ी संख्या है। जिनमें से अधिकतर लोगों का अपने गांव से भी जुड़ाव रहता है। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों की समस्याओं का सही ढंग से निपटारा हो और किस विभाग से समस्या जुड़ी है, इसकी सही जानकारी देने के लिए उन्होंने रेजिडेंट कमिश्नर की व्यवस्था करना जरूरी बताया। इस नंबर और मेल पर करें शिकायत: मेल आईडी dycmkommh@gmail.com, फोन नंबर है 05222239990.
प्रदेश में गौहत्या पर पाबंदी लगा दी गई है। इसके बाद किसानों की बड़ी शिकायत आ रही थी कि लोग जानवरों को आवारा छोड़ दे रहे हैं, जिससे उनके खेतों को नुकसान हो रहा है। केशव प्रसाद मौर्य ने बताया कि किसानों की इस समस्या को दूर करने के लिए सरकार ने किसानों को आवारा पशुओं के रख-रखाव के लिए प्रति जानवर 30 रुपए प्रतिदिन देने का निर्णय लिया है, जिससे किसान जानवरों को आवारा नहीं छोड़ेंगे और खेत खलिहानों का भी नुकसान नहीं होगा।
