मॉडल ने 3 बच्चों के बाप को फंसाया, कुछ ऐसा कहा पुरुष ने कर ली शादी
टीवी चैनलों पर मॉडल के रूप में चुनी जा चुकी सुभाषनगर की एक युवती का दिल कॉलोनी के देसी हीरो पर आ गया। उस हीरो को पाने के लिए युवती मरने के लिए भी तैयार है लेकिन घरवाले और हीरो की शादीशुदा जिंदगी उसके सामने विलेन बन रही है। मंगलवार को वह फिर भागकर अपने प्रेमी के पास पहुंच गई। जिसके बाद प्रेमी उसे थाने ले आया। लड़की के घरवालों ने थाना घेर लिया जहां देसी हीरो को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
सुभाषनगर थाना क्षेत्र की शांति विहार कॉलोनी निवासी 25 वर्षीय किशोर तिवारी पुत्र महेश चंद्र तिवारी की बीडीए कॉलोनी में परचून दुकान है। दुकान पर वह दूध भी बेचता है। मोहल्ले में रहने वाली उसकी हमउम्र की एक लड़की उसकी दुकान पर दूध लेने आती थी जो किशोर को दिल दे बैठी। किशोर पहले से शादीशुदा है। उसके तीन बच्चे भी हैं। बावजूद, किशोर को ही वह अपना जीवनसाथी बनाने की जिद कर रही है।
कहा-शादी कर लो, नहीं तो कर लूंगी आत्महत्या
युवती दो सितंबर को घर छोड़कर किशोर के पास चली आई। फिल्मी अंदाज में कहने लगी कि अगर तुमने शादी नहीं की तो मैं आत्महत्या कर लूंगी। किशोर ने अपने शादीशुदा होने और तीन बच्चे होने का हवाला देकर उसे मना किया, लेकिन युवती उसकी एक भी बात सुनने को तैयार नहीं थी। लड़की के आत्महत्या करने की बात सुनकर किशोर भावनाओं में बह गया। उसने मंदिर में जाकर लड़की की मांग में सिंदूर भर दिया और मंगलसूत्र भी पहनाकर जीवनसंगिनी बना लिया, लेकिन वह अपने घर न जाकर लड़की के घर गया जहां उसकी मां को सारी बात बताई। किशोर ने युवती के परिजनों से कहा कि लड़की को आत्महत्या करने से बचाने के लिए उसे ऐसा करना पड़ा।
घर पहुंचने पर परिवार ने की लड़की की पिटाई
लड़की को उसके घर छोड़कर किशोर चला गया। बताया जा रहा है कि इसके बाद घरवालों ने लड़की की खूब पिटाई की। चार सितंबर को फिर लड़की मौका देखकर भाग गई। 10 सितंबर को वह किशोर के घर पहुंची और उसी के साथ रहने की जिद करने लगी। जिसके बाद किशोर उसे सुभाषनगर थाने ले आया। सूचना पर लड़की के घरवाले भी पहुंच गए और हंगामा करने लगे। पहले तो पुलिस ने उन्हें समझाया लेकिन जब नहीं माने तो पुलिस ने किशोर को हिरासत में ले लिया। पुलिस हिरासत में बैठे किशोर ने कहा कि घर से निकलने के लिए लड़की मेरा इस्तेमाल करना चाहती है। उसके घरवाले मॉडल बनने का विरोध कर रहे हैं। इस कारण वह मेरे सहारे घर से निकलकर दिल्ली और मुंबई में मॉडलिंग में कॅरियर बनाना चाहती है। बरेली में हुए कई टीवी चैनलों के ऑडिशनों में उसका चयन भी हो चुका है। जबकि, थाने में रो-रोकर लड़की का कहना था कि वह किशोर के साथ ही जीवन बिताना चाहती है। सुभाषनगर इंस्पेक्टर सुभाषचंद्र गंगवार ने कहा कि अगर किसी की तरफ से तहरीर आएगी तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
