Priyanka Chopra ने सुनाई आपबीती, 'निर्देशक चिल्लाते थे और फिल्मों से निकाल देते थे'
प्रियंका चोपड़ा आज बॉलिवुड की टॉप हिरोइनों में शुमार हैं। भारत ही नहीं बल्कि दुनियाभर में उनकी जबरदस्त फैन फॉलोइंग है। उन्होंने कई इंटरनैशनल प्रॉजेक्ट्स में भी काम किया है। कुल मिलाकर आज प्रियंका के पास दौलत, शोहरत, नाम और रुतबा सब कुछ है। लेकिन एक वक्त था जब प्रियंका बहुत ही बुरे दौर से गुजर रही थीं और उन्हें फिल्मों तक से निकाल दिया जाता था।
प्रियंका ने हाल ही में एक फैशन मैगजीन को दिए इंटरव्यू में पूरी आपबीती सुनाई। अपने करियर के शुरुआती दिनों के संघर्ष के बारे में बताते हुए प्रियंका ने कहा, 'न तो मुझे कुछ पता था और न ही मैं किसी को जानती थी। फिल्म निर्देशक मुझ पर चिल्लाते थे। कभी मुझे फिल्मों में ले लिया जाता था और फिर फिल्मों से निकाल भी दिया जाता था। लेकिन मैंने खुद पर विश्वास करना सीखा। मैंने सीखा कि असफल होने के बाद आप जो करते हैं वही आपको सफल बनाता है।' प्रियंका ने मिस वर्ल्ड 2000 का खिताब जीतने के बाद अपने ऐक्टिंग करियर की शुरुआत की थी। उनकी पहली फिल्म 'द हीरो: लव स्टोरी ऑफ ए स्पाई' थी, जिसमें सनी देओल और प्रीति जिंटा थीं। इसके बाद उन्होंने अक्षय कुमार और लारा दत्ता के साथ 'अंदाज' की, जिसमें उन्हें पसंद किया गया। लेकिन प्रियंका को असली पहचान फिल्म 'ऐतराज' से मिली। अक्षय और करीना कपूर स्टारर इस फिल्म में प्रियंका के नेगेटिव रोल को खूब पसंद किया गया। साल 2008 से प्रियंका के करियर में गजब का टर्न देखने को मिला। फिल्म 'फैशन' के लिए उन्हें बेस्ट ऐक्ट्रेस का नैशनल फिल्म अवॉर्ड मिला।
