कश्मीरी सिंगर का आरोप: आर्टिकल 370 हटने के बाद मकान मालिक ने कहा- खाली करो घर

आदिल गुरेजी कश्मीरी मूल के सिंगर हैं. वो मुंबई में ही रहकर काम करते हैं. आदिल ने कहा है कि मुंबई में उनके किराए के घर में उन्हें रहने नहीं दिया जा रहा और ऐसा कश्मीर में आर्टिकल 370 हटने की वजह से हुआ है.
आदिल के मुताबिक 5 अगस्त 2019 को जब आर्टिकल 370 हटाया गया था, उस वक्त वो उत्तरी कश्मीर के बांदीपोरा जिले के गुरेज एरिया स्थित अपने घर में थे.
आदिल का कहना है कि उन्हें मुंबई आने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा. जब वो 5 सितंबर को मुंबई पहुंचे तो उन्हें उनके किराए के मकान में जाने से रोक दिया गया.
आदिल ने ये भी बताया कि जब वे 5 सितंबर को अपने मुंबई वाले घर वापस आए तो उनके मकान मालिक ने उन्हें घर खाली करने के लिए कहा.
बाद में मुंबई पुलिस की मदद लेने पर आदिल को उनके मकान में जाने दिया गया. आदिल का कहना है कि उनके दोस्त और बाकी लोग उनसे बातचीत नहीं कर रहे हैं. हाल ही में उन्होंने सपोर्ट की अपील भी की थी. बता दें कि आदिल, इंटरनेट पर सिंगिंग सेंसेशन बने हैं. उनकी वीडियोज को यूट्यूब पर करोड़ों लोग देखते हैं. उन्होंने कश्मीरी म्यूजिक को नई दिशा, आकार और स्टाइल दिया है. आदिल कश्मीर के यंग लोगों के बीच काफी पॉपुलर हैं.