शराब पीकर सड़क पर नाचना पड़ा महंगा, वीडियो वायरल होने के बाद 6 पर FIR
राजधानी दिल्ली के मुखर्जी नगर इलाके में शराब पीकर सड़क पर डांस करना छह लोगों को महंगा पड़ गया। इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आई पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, उत्तरी दिल्ली के मुखर्जी नगर में एक घर के बाहर सड़क पर खड़े होकर कुछ लोग शराब पीकर डांस कर रहे थे। इसी दौरान किसी ने अपने मोबाइल से उनका वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। इसके बाद यह वीडियो तेजी से फैल गया। पुलिस को इसकी जानकारी मिलते ही मुखर्जी नगर थाना पुलिस ने तुरंत इसकी जांच करते हुए वायरल वीडियो में दिख रहे सभी छह लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इनके साथ ही पुलिस ने उस मकान मालिक के खिलाफ केस दर्ज किया जहां ये लोग ठहरे हुए थे।
