न्यू जीलैंड ने श्रीलंका के खिलाफ जीता दूसरा टी20, सीरीज में अजेय बढ़त

पल्लेकल : कोलिन डि ग्रैंडहोम (59) और टॉम ब्रूस (53) की अर्धशतकीय पारियों से न्यू जीलैंड ने दूसरे टी20 मुकाबले में दो गेंद शेष रहते श्रीलंका को चार विकेट से हरा दिया। दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 103 रन की साझेदारी हुई और इस जीत से न्यू जीलैंड ने तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली। श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट पर 161 रन बनाए जिसके जवाब में न्यू जीलैंड ने 19.4 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 165 रन बनाकर जीत दर्ज की। न्यू जीलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही और दूसरे ओवर में ही सलामी बल्लेबाज कोलिन मुनरो (13) आउट हो गए। वह अकीला धनंजय की गेंद पर कैच आउट हुए। धनंजय ने इसके बाद अपने दूसरे ओवर में तीन गेंद के अंदर स्कॉट कगीलेन (08) और टिम सीफर्ट (15) को चलता कर न्यू जीलैंड को दबाव में ला दिया। धनंजय ने चार ओवर में 36 रन देकर तीन विकेट लिए। इसके बाद ग्रैंडहोम और ब्रूस शतकीय साझेदारी कर टीम को जीत के करीब ले गए। 

इस साझेदारी को इसुरु उदाना (18 रन पर एक विकेट) ने ग्रैंडहोम को आउट कर तोड़ा। ग्रैंडहोम ने 46 गेंद में दो चौके और तीन छक्कों की मदद से 59 रन बनाये। ब्रूस ने 53 गेंद की पारी में तीन चौके लगाए। 19वें ओवर में उनकी मांसपेशियों मे खिंचाव आ गया और 20वें ओवर की पहली गेंद पर वह रन आउट हो गए। अगली गेंद पर डेरेल मिशेल भी आउट हो गए लेकिन हसरंगा डि सिल्वा के इस ओवर की अगली दो गेंद पर छक्का और चौका लगाकर मिशेल सैंटनर ने न्यू जीलैंड को मैच जिता दिया।