मेरठ में किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म, चार युवकों पर आरोप, पंचायत कर फैसले का बनाया दबाव
मेरठ के सरधना कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में किशोरी ने वर्ग विशेष के चार युवकों पर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। पीड़िता का आरोप है कि गांव में पंचायत कर उसपर दबाव बनाने की कोशिश की गई। पुलिस ने तहरीर पर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, गांव में चर्चा है कि मामला रुपयों के लेन-देन को लेकर है।
सरधना कोतवाली क्षेत्र के गांव निवासी किशोरी सोमवार शाम थाने पहुंची। बताया कि वह रविवार दोपहर गांव के बाहरी छोर पर जंगल में शौच के लिए गई थी। तभी गांव के वर्ग विशेष के चार युवकों ने उसे खेत में खींच लिया और सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी।
पीड़िता बदहवास हालत में घर पहुंची और घटना की जानकारी परिजनों को दी। मामला गांव में फैला तो कुछ लोगों ने दोनों पक्षों के बीच फैसले की बात रखी। इसको लेकर पंचायत हुई। चर्चा है कि युवती पक्ष पांच लाख रुपये की मांग कर रहा था। वहीं, आरोपी पक्ष का आरोप है कि किशोरी पक्ष पर एक लाख रुपये पहले से ही उधार हैं। चर्चा यह भी रही कि आरोपी पक्ष युवती के परिजनों को पचास हजार रुपये समझौते के रूप में देने की बात कर रहे हैं। वहीं पीड़िता ने बताया कि पंचायत में उसपर रिपोर्ट दर्ज न कराने का दबाव बनाया गया। पीड़ित किशोरी सोमवार रात सरधना थाने पहुंचीं।
उसने चार वर्ग विशेष युवकों के खिलाफ नाम दर्ज तहरीर दी। थानाध्यक्ष उपेंद्र मलिक का कहना है कि तहरीर पर मामले की जांच कराई जा रही हैं। मामला रुपये के लेनदेन का भी सामने आ रहा है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
