फेसबुक पर करती थी अश्लील बातें, जब शादी की बात हुई तो...

महाराष्ट्र कैडर के आईपीएस को शादी के नाम पर ब्लैकमेल करने वाली मां-बेटी को इज्जतनगर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। दोनों को सोमवार को कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में उन्हें जेल भेज दिया है। रामपुर गार्डन की रहने वाली अंजुम खां ने 15 दिन पहले डीआईजी से शिकायत की थी। आरोप था कि महाराष्ट्र में अवध में तैनात आईपीएस नूरुल हसन ने फेसबुक पर उनके साथ अश्लील चैटिंग की। इसके बाद शादी से इनकार कर दिया। डीआईजी ने मामले की जांच कराई तो पता लगा कि दिल्ली में दरियागंज का रहने वाला रिक्शा चालक जावेद आईपीएस नूरूल हसन की फोटो लगाकर फेसबुक पर युवती से चैटिंग कर रहा था। उसने अपने बेटे हमजा के नाम से आईडी बना रखी थी। सारी बातें साफ होने के बावजूद अंजुम खां और उनकी बेटी लॉ स्टूडेंट ने इज्जतनगर के परवाना नगर में रहने वाले आईपीएस के पिता शमशुल हसन को धमकी दी। साथ ही आईपीएस को मैसेज भेजा। कहा कि अगर उन्होंने शादी नहीं की तो वह महाराष्ट्र डीजीपी आफिस में जाकर आत्मदाह कर लेगी। इसके बाद पुलिस हरकत में आई। शमशुल हसन ने मामले को निपटाने की कोशिश की तो महिला ने दस लाख की रंगदारी मांगी। शमशुन हसन की ओर से इज्जतनगर थाने में मां बेटी के खिलाफ रंगदारी मांगने, मानहानि करने, जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया। 
मां बेटी ने पुलिस अफसरों से को दी मीडिया की धमकी
मां बेटी ने इज्जतनगर थाने में पुलिस अफसरों को मीडिया की धमकी दी। कहा कि आईपीएस की वजह से पुलिस वाले उनका सपोर्ट कर रहे हैं। बरेली से लेकर महाराष्ट्र तक वह प्रेस कांफ्रेंस कर सबको सच्चाई बतायेंगी। उनका आरोप था कि आईपीएस ने ही उनके साथ अश्लील चैटिंग की। मामला बढ़ता देखकर एसपी सिटी के इशारे पर मां बेटी को पुलिस ने रात में ही गिरफ्तार कर लिया। महिला पुलिस कर्मियों की देखरेख में उन्हें रखा गया। सोमवार को जिला अस्पताल में मेडिकल कराने के बाद जेल भेज दिया गया।