सेक्स वर्कर के चापड़ से कर दिए 5 टुकड़े, जानें क्यों दिया वारदात को अंजाम
दिल्ली के रोहिणी इलाके में एक युवक ने शादी से इंकार करने पर यौनकर्मी को चापड़ से पांच हिस्सों में काट डाला। फिर उसने शव को बवाना नहर में डाल दिया। स्पेशल सेल ने सूचना के आधार पर शुक्रवार को आरोपी अयूब को घटना में प्रयुक्त चापड़ के साथ गिरफ्तार कर लिया।
फेरी का काम करने वाला अयूब पत्नी व तीनों बच्चों के साथ तुर्कमान गेट इलाके में रहता है। चार साल पहले जीबी रोड के कोठे पर उसकी मुलाकात 22 साल की शबनम (परिवर्तित नाम) से हुई। अयूब उससे एकतरफा प्यार करने लगा। दोनों अक्सर बाहर घूमने भी जाते थे। वह शबनम पर शादी करने एवं देह व्यापार छोड़ने का दबाव बनाने लगा था। शबनम ने शादी करने एवं देह व्यापार छोड़ने से मना कर दिया।
नाराज होकर अयूब ने हत्या की साजिश रची। 20 अगस्त को वह उधार की स्कूटी और चापड़ लेकर शबनम के साथ बवाना नहर के किनारे गया। मौका देखकर उसने शबनम का गला रेत दिया और शरीर को पांच हिस्सों में काट कर नहर में फेंक दिया। 21 अगस्त की सुबह केएन काटजू मार्ग पुलिस ने शव को नहर से बरामद कर लिया लेकिन पहचान नहीं हो पा रही थी। इस बीच स्पेशल सेल के एसीपी ललित मोहन नेगी की टीम को सूचना मिली कि अयूब नाम का युवक किसी की हत्या कर भागने की फिराक में है। पुलिस ने उसे धर दबोचा।
