ठगों ने ज्वॉइंट कमिश्नर से पहले दानिक्स अफसर को बनाया था शिकार

दिल्ली पुलिस की ट्रांसपोर्ट रेंज के ज्वाइंट कमिश्नर अतुल कटियार को अपना शिकार बनाने से पहले ठगों ने एलजी हाउस में कार्यरत एक दानिक्स अफसर से ठगी की थी। इसी मामले में आरोपी जेल में है। इस बात का पता तब चला जब स्पेशल सेल के अधिकारी संयुक्त पुलिस आयुक्त के मामले की जांच कर रहे थे।

धोखाधड़ी का यह मामला 9 अगस्त का है। दरअसल, ज्वाइंट कमिश्नर अतुल कटियार के पास एसबीआई का क्रेडिट कार्ड है। उनके मोबाइल पर मैसेज आया कि वह अपने कार्ड कार्डका क्रेडिट स्कोर मैसेज में भेजे गए लिंक पर अपडेट कर दें। इसके बाद ज्वाइंट कमिश्नर ने अपने पीए को मोबाइल व कार्ड देकर अपडेट करने के लिए कह दिया। जैसे ही पीए ने लिंक पर मांगी गई जानकारी अपडेट की तो उनके खाते से दो बार में 28,150 रुपये निकल गए। अचानक हुए इन ट्रांजक्शन के मैसेज को देख उन्होंने अपना कार्ड को ब्लॉक करा दिया। साइबर सेल इस मामले की जांच कर रही थी।इस दौरान साइबर सेल को मालूम हुआ कि इस मामले का आरोपी पहले से ही तिहाड़ जेल में बंद है। दरअसल, एलजी हाउस में कार्यरत दानिक्स अधिकारी के क्रेडिट कार्ड से इसी तरह करीब 34 हजार रुपये निकाल लिए गए थे। 2 अगस्त को इस मामले की जांच उत्तर जिला साइबर सेल के प्रभारी देवेंद्र चाहर को सौंपी गई। टीम ने 17 अगस्त को गिरोह के मुख्य साजिशकर्ता विकास झा समेत पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया था।