दिल्ली में लहराया ठाणे मनपा का परचम

ठाणे : प्रदूषण तथा मौसम की मॉनिटरिंग ऐप, डीजी ठाणे, प्रॉपर्टी टैक्स असेसमेंट मॉडल तथा ग्रीन ठाणे नामक मनपा की चारों महत्वाकांक्षी परियाजनाओं को ‘स्काच’ नामक संस्था की तरफ से ‘ऑर्डर ऑफ मेरिट’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। दिल्ली में आयोजित एक विशेष समारोह में यह राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किया गया है। उल्लेखनीय है कि नई दिल्ली के रफी मार्ग स्थित कॉन्स्टीट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में स्काच ग्रुप द्वारा आयोजित स्काच पुरस्कार प्रतियोगिता में देश के सभी राज्यों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया था। स्काच ऑर्डर ऑफ मेरिट पुरस्कारों की प्रक्रिया बेहद जटिल होती है। परियोजनाओं के मूल्यांकन तथा उसके प्रस्तुतिकरण के आधार पर परियोजनाओं को जूरी के पास भेजा जाता है। इस प्रतियोगिता में ठाणे मनपा के संपत्ति कर विभाग का ‘प्रॉपर्टी टैक्स असेसमेंट मॉडल’, प्रदूषण विभाग का मौसम तथा हवा की गुणवत्ता की जानकारी देनेवाला ‘मोबाइल ऐप एवं वेबसाइट’, उद्यान विभाग ‘ग्रीन ठाणे’ तथा स्मार्ट सिटी विभाग का ‘डीजी ठाणे’ जैसी चारों परियोजनाओं को चार पुरस्कार मिले हैं। इस शिखर बैठक में प्रत्यक्ष, प्रदर्शन तथा तनिक पर एक परिसंवाद का आयोजन किया गया था, जिसमें मौजूद मनपा उपायुक्त ओमप्रकाश दिवटे के साथ उप कर निर्धारक व संकलक जीजी गोदेपुरे, उद्यान विभाग के वरिष्ठ उद्यान निरीक्षक केदार पाटील, प्रदूषण नियंत्रण विभाग की विद्या सावंत तथा स्मार्ट सिटी विभाग के अंकुर श्रीवास्तव को स्काच ऑर्डर ऑफ मेरिट पुरस्कार से सम्मानित किया गया।