युवक की तलाश में पहले पहुंची घर, जब हुआ आमना-सामना तो दो लड़कियों ने किया ये हाल
उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के हलधरपुर थाना क्षेत्र में दो युवतियों ने एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी। घटना के पीछे प्रेम प्रसंग को कारण बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
मंगलवार को दो युवतियां मरुखा मझौली निवासी अशोक यादव (22) के घर पहुंची। घर पर मौजूद आशोक की भाभी कुसुम देवी को अशोक का फोटो दिखाकर पूछताछ की। अशोक के घर पर नहीं होने से युवतियां आक्रोशित होकर लौट गईं। अशोक जब घर पहुंचा तो उसकी भाभी ने युवतियों के बारे में बताया। दोनों की तलाश में वह भी बाइक से निकल गया। बताया जा रहा है कि शाम चार बजे गांव के पास नहर किनारे दोनों से अशोक की मुलाकात हुई। पहले युवतियों और उसके बीच नोक-झोंक हुई। फिर युवतियों ने अशोक के पेट में चाकू घोंप दिया। ताबड़तोड़ प्रहार से वह जमीन पर गिर पड़ा। वारदात को अंजाम देकर युवतियां भाग कर बलिया-लखनऊ राजमार्ग पर पहुंचीं। वहां पहले से खड़े एक युवक के साथ बाइक से दोनों फरार हो गई। खेत में काम कर रहे लोगों ने आशोक को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
