चिंताजनक ! टोने-टोटके से परेशान परिवार ने घर पर लिखा- बिकाऊ है

शहर कोतवाली क्षेत्र के गांवों में घर के बाहर आए दिन टोने-टोटके से परेशान परिवार ने मकान पर बिकाऊ लिख दिया। पुलिस ने घर छोड़कर जा रहे परिवार को समझाकर निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा दिलाया। पीड़ित परिवार का आरोप है कि टोने-टोटके करने वाली महिला विरोध करने पर उन्हें छेड़छाड़ के आरोप में जेल भिजवाने की धमकी भी देती है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव गंज के हरिजन मोहल्ले में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक परिवार ने अपने घर के बाहर जमीन मकान बेचकर वहां से जाने का ऐलान कर दिया। परिवार के मुखिया नरेश पुत्र फुल्लू का कहना है कि मोहल्ले में रहने वाली एक महिला ने उसके परिवार को परेशान कर रखा है। घर के बाहर आए दिन टोना-टोटका किया जाता है। विरोध करने पर महिला और उसकी बेटियां नरेश के परिवार पर छेड़छाड़ आदि के मुकदमे में फंसाने की धमकी भी देती है। 
मामले की सूचना पर गंज चौकी इंचार्ज गौरव कुमार ने घर छोड़कर जा रहे परिवार को समझाया। पुलिस ने परिवार का सामान घर के अंदर रखवाया। गंज चौकी इंचार्ज का कहना है कि दोनों पक्षों को बुलाया गया है। दोनों में बैठाकर बातचीत कराकर मामले को निपटाया जाएगा।