अनंत सिंह को लेकर पटना पहुंची एसआईटी

बाढ़ कोर्ट में विधायक अनंत सिंह को एसीजेएम के समक्ष रविवार की सुबह नौ बजकर 40 मिनट पर पेश किया गया। कोर्ट ने अनंत सिंह को 30 अगस्त तक बेउर जेल भेजने का आदेश दिया। अनंत सिंह को कड़ी सुरक्षा के बीच कोर्ट से बेउर जेल ले जाया गया। कोर्ट में पेशी के दौरान ग्रामीण एसपी कांतेश कुमार मिश्र पूरी पुलिस टीम के साथ मौजूद थे। आधे घंटे अधिक का समय विधायक कोर्ट रूम के अंदर रहे। वहां उनके वकील भी मौजूद थे।

इससे पहले अनंत सिंह को 48 घंटे की ट्रांजिट रिमांड पर लेकर एसआईटी रविवार सुबह पटना एयरपोर्ट पहुंची। इस दौरान पटना एयरपोर्ट से लेकर बाढ़ तक सुरक्षा व्यवस्था चौकस कर दी गयी। शनिवार रात से ही अनंत सिंह के समर्थक एयरपोर्ट और बाढ़ में इकट्ठा हो गये थे। पटना पुलिस ने एयरपोर्ट पर अतिरिक्त पुलिस बलों के साथ ही बड़े अफसरों को सुरक्षा व्यवस्था में तैनात कर दिये थे। बता दें शनिवार को ही दोपहर चार बजे की फ्लाइट से अनंत के पटना आने की खबर आयी। इसके बाद शाम छह, फिर साढ़े आठ बजे उनकी फ्लाइट के लैंड करने की खबर मिली। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए इस बाबत पुलिस अफसरों ने चुप्पी साध रखी थी।

चार दिनों की ट्रांजिट रिमांड की अर्जी कोर्ट ने की खारिज  
विधायक अनंत सिंह की दिल्ली के साकेत कोर्ट में पेशी के दौरान पुलिस की ओर से वकील ने चार दिनों की ट्रांजिट रिमांड मांगी। दलील दी गयी कि विधायक को पटना ले जाने के लिए फ्लाइट का टिकट नहीं मिल पा रहा है। लिहाजा अनंत सिंह को चार दिनों तक बिहार पुलिस की रिमांड दी जाए। इसके बाद उन्हें बाढ़ कोर्ट में पेश किया जाएगा। लेकिन साकेत कोर्ट ने बिहार पुलिस की दलील को खारिज कर दिया। दो दिनों की ट्रांजिट रिमांड देने के साथ ही कोर्ट ने अनंत सिंह को सोमवार को दो बजे तक बाढ़ कोर्ट में पेश करने का आदेश दिया।