जेटली के घर जाकर नेताओं ने दी श्रद्धांजलि, भावुक हुए गुलाम नबी

भारतीय जनता पार्टी के दिग्गज नेता अरुण जेटली का लंबी बीमारी के बाद शनिवार को एम्स में 66 वर्ष की आयु में निधन हो गया. उन्हें 9 अगस्त को एम्स में भर्ती कराया गया था. उनके निधन से पूरे देश में शोक की लहर है. गुलाम नबी आजाद समेत विपक्ष के कई नेताओं ने जेटली के घर पहुंचकर श्रद्धांजलि दी है.
बीजेपी के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी भी उनके घर पहुंचे, जहां अरुण जेटली का शव अंतिम दर्शन के लिए रखा गया था. आडवाणी ने जेटली को याद करते हुए कहा कि जेटली एक कद्दावर नेता और बेहतरीन प्रशासक तो थे ही साथ ही कानून का ज्ञान उनमें चार चांद लगा देता था.
आडवाणी अरुण जेटली के परिवार को ढांढस बंधाते भी नजर आए. अपने लंबे राजनीतिक जीवन में अरुण जेटली ने लालकृष्ण आडवाणी के साथ काफी काम किया.
केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अपना लखनऊ दौरा बीच में ही रद्द कर दिल्ली पहुंचकर अरुण जेटली को श्रद्धांजलि दी.
आम आदमी के नेता और दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसौदिया ने भी जेटली के घर पहुंचकर अपनी श्रद्धांजलि दी.
उड़ीसा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने भी अरुण जेटली के अंतिम दर्शन कर श्रद्धांजलि दी.