पनवेल मनपा: जनवरी से शुरू होगी संपत्ति कर वसूली
नवी मुंबई : पनवेल मनपा क्षेत्र में जनवरी 2020 से संपत्ति कर की वसूली शुरू होगी। अक्टूबर 2016 को स्थापित पनवेल मनपा क्षेत्र में अब तक संपत्ति कर की वसूली शुरू नहीं हुई है। मनपा प्रशासन को संपत्ति कर से करीब 200 करोड़ रुपये राजस्व मिलने की संभावना है। आर्थिक स्रोतों के सीमित विकल्पों से करीब 26 वर्ग किलोमीटर में फैले पनवेल शहर का अपेक्षित विकास नहीं हो पा रहा है। संपत्ति कर वसूली के पात्र करदाताओं का सर्वेक्षण करने का काम एक निजी संस्था को दिया गया है। संस्था में पनवेल, नवीन पनवेल, कलंबोली और इसके आसपास स्थित करीब डेढ़ लाख संपत्ति करदाताओं का सर्वेक्षण पूरा कर चुकी है। इसमें तत्कालीन पनवेल नगरपरिषद के पुराने करदाता शामिल नहीं हैं। आकलन के अनुसार, पूरे पनवेल मनपा क्षेत्र में करीब 3 लाख संपत्तियों का सर्वेक्षण किया जाना है।
