फरहत नकवी ने इस तलाक पीड़िता की जो बात बताई उसे सुनकर लोग हैरान
उत्तर प्रदेश के बरेली शहर में तलाक का अजीब मामला सामने आया है। शौहर ने बीवी को बैनामे के कागज दिखाकर साइन कराए और बाद में उसके घर तलाकनामा का नोटिस भेज दिया। पीड़िता को जब तलाकनामे का नोटिस मिला, तो उसके होश उड़ गए। शौहर से बात की तो उसने वही कागज दिखा दिए, जिस पर उसके साइन प्रॉपर्टी के कागज बताकर कराए थे।
मेरा हक फाउंडेशन की अध्यक्ष फरहत नकवी ने बताया कि तहसील बहेड़ी की निवासी जीनत बी का निकाह तहसील नवाबगंज के सईन खान के साथ 2018 में हुआ था। पीड़िता के शौहर ने जीनत से धोखे से मकान उनके नाम कराने के नाम पर बैनामा कागज दिखाकर एक सादे कागज पर साइन करा लिए। पीड़िता का आरोप है कि सईन खान ने पहले जीनत को मायके भेज दिया और उससे बात करता रहा। कुछ दिनों के बाद एक नोटिस मायके तक पहुंचा। जब पीड़िता ने नोटिस देखा, तो उसके होश उड़ गए। परिवार के लोग भी टेंशन में आ गए।
सईन खान ने नोटिस के जरिए कानूनी तौर पर तलाकनामा भेजा। जो हस्ताक्षर जीनत से सादे कागज पर कराए थे उसका हवाला देते हुए तलाकनामा भेजा गया। फरहत नकवी ने बताया कि पीड़िता और उसके परिवार के लोग मेरे पास शिकायत लेकर आए। उनका कहना है कि सईन ने धोखा देकर साइन कराए और फिर तलाकनामा भेजा है।
पीड़िता जीनत ने फरहत से मिलकर आपबीती सुनाई है। पीड़िता का कहना है कि तलाक के बारे में तो कभी सोचा भी नहीं है। शौहर कुछ काम नहीं करते हमेशा लड़ाई, मारपीट करते रहते हैं। मुझे दवा तक नहीं लाकर देते थे। छोटी-छोटी बातों पर झगड़ा करते थे। उन्होंने मुझसे बैनामा कराने के लिए सादे कागजों पर साइन करा लिए। जब तलाकनामा का नोटिस मिला तो हमने उनसे बात की तो वो मुझ पर ही तलाक देने की बात कह रहे हैं।
मेरा हक फाउंडेशन अध्यक्ष फरहत नकवी के अनुसार जीनत के शौहर से फोन पर बात की गई है। उसने पीड़िता पर ही आरोप लगाए हैं। उसको बुलाया गया है। दोनों पक्ष को सुना जाएगा। पीड़िता के हक में कानूनी कार्रवाई के लिए पुलिस प्रशासन से मदद लेंगे।
