फिल्म फाइनेंस की बात कह सीरियल निर्माता को बुलाया, फिर किया ये काम

बॉलीवुड फिल्म में फाइनेंस करने का झांसा देकर सीरियल निर्माता और उनके साथियों को गुरुग्राम बुलाया। फिर पिस्तौल के बल पर 24.50 लाख रुपये जबरन खाते में ट्रांसफर करवा लिए। मामले में सीरियल निर्माता के गारंटर बने दिल्ली पालम निवासी प्रवेश कुमार सिंह की शिकायत पर बादशाहपुर थाना पुलिस ने बुधवार को मामला दर्ज कर लिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रविंद्र आमेर मुंबई में सीरियल निर्माता हैं। वह एक बॉलीवुड फिल्म के प्रोजेक्ट पर संतोष जैन के साथ काम कर रहे हैं। फिल्म निर्माण के सिलसिले में संतोष जैन के माध्यम से प्रवीण कुमार से फाइनेंस के लिए बातचीत हुई थी। प्रवीण ने कहा कि वह उनकी फिल्म के लिए वह फाइनेंस कर देगा। 10 अगस्त को दोनों फिल्म निर्माता की दिल्ली स्थित एक होटल में प्रवीण कुमार, अर्जुन गुप्ता, शेरसिंह और अन्य दो लोगों के साथ मीटिंग हुई। प्रवीण ने कहा कि फाइनेंस तो कर देगा लेकिन उन्हें 50 लाख बैंक गारंटी के साथ स्थानीय गारंटर चाहिए। 11 अगस्त गुरुग्राम के हांगकांग प्लाजा में मीटिंग तय हुई। मीटिंग में बतौर गारंटर पालम निवासी प्रवेश कुमार सिंह के साथ दोनों फिल्म निर्माता पहुंचे। प्रवीण कुमार ने कहा कि फाइनेंस का ऑफिस सेक्टर-48 में वेगा स्कूल के पास है। वहां पर पहले से ही सात लोग मौजूद थे।