पत्नी की फेसबुक पर डाली फोटोज तो आने लगे लोगों के फोन, जानें पूरा माजरा
दांपत्य रिश्तों में मनमुटाव के बाद पत्नी की फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर उसके अश्लील फोटो वायरल करने वाले पति को साइबर क्राइम सेल और किठौर पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया।
किठौर थाना क्षेत्र के शाहजहांपुर निवासी महिला ने दो दिन पहले अपने पति सलमान, जेठ कामरान, जेठानी हिना, बहन रिजवाना, ससुर उमरदराज के खिलाफ आईटी एक्ट सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था। महिला के मुताबिक, जून-2018 में उसकी शादी शाहजहांपुर के ही सलमान से हुई थी। कुछ दिन बाद दहेज के लिए ससुराल वालों ने उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। जनवरी-2019 में वह अपने मायके आकर रहने लगी।
उसका कहना है कि मनमुटाव के बाद पति ने उसके नाम से फेसबुक पर फर्जी आईडी बनाई। इसमें उसके अश्लील फोटो अपलोड कर दिए। इससे वह तनाव में आ गई। अज्ञात लोगों के उस पर फोन आने लगे। साइबर क्राइम सेल और किठौर पुलिस ने आरोपी सलमान को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया।
इस मुकदमे में जो अन्य आरोपी हैं, उनकी भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि दोषी पाए जाने पर ही मुकदमे के अन्य आरोपियों पर कार्रवाई होगी।
