गैंगस्टर कौशल के पास दुबई में हवाला से पहुंच रहा था रंगदारी का पैसा

गैंगस्टर कौशल के पास हवाला के जरिए रंगदारी का पैसा दुबई पहुंच रहा था। कारोबारियों से रुपये मिलने के बाद गुर्गों के हिस्से के बाद वह पैसे दिल्ली में हवाला ऑपरेटर के जरिये कौशल तक पहुंचते थे। हालांकि, दिल्ली में हवाला ऑपरेटर के संपर्क में रहने वाले उसके गुर्गों की गिरफ्तारी के बाद पैसे पहुंचने बंद हो गए थे। वह नए गुर्गों को अपनी जानकारी साझा नहीं करना चाहता था, इसीलिए वह कई महीनों से आर्थिक तंगी से जूझ रहा था। 

एसआईटी के एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि रंगदारी का रुपया मिलने के बाद 30 फीसदी गुर्गों में बंट जाता था। उसके बाद 15 से 20 फीसदी हिस्सा कौशल के परिजन को पहुंचाया जाता था। इसके बाद बाकी रकम हवाला के जरिए दुबई में उसके पास पहुंचाया जाता था। हालांकि, पुलिस के पास साल या महीने में कितने पैसे उस तक पहुंचता था, इसकी पुख्ता जानकारी नहीं है। लेकिन फरीदाबाद ,गुरुग्राम और रेवाड़ी पुलिस के पास इसकी जानकारी जरूर है कि रुपये उस तक पहुंच रहे हैं।

कई देशों से होकर पहुंचते हैं पैसे : पुलिस जांच में सामने आया कि कौशल के पास पैसे कई बार दिल्ली से थाईलैंड जाते थे। वहां से फिर दुबई पहुंचता था। इसके अलावा मलेशिया और सिंगापुर के जरिए भी रुपये उसके पास पहुंचाए जाते थे। महीने में दो से तीन बार रुपये मंगवाता था। उन पैसों को फ्लैट का किराया,जिम की फीस आदि में खर्च करता था।

सचिन पर कर रहा था विश्वास : क्लीन स्वीप अभियान में कौशल के सभी विश्वसनीय गुर्गे पकड़े जाने के बाद से कौशल को दिक्कत होनी शुरू हो गई थी। ऐसे में कारोबारियों से पैसे लेकर उस तक कौन पहुंचाए, यह उसके लिए बड़ी समस्या हो गई थी। ऐसे में फ्रेक्चर गैंग का सदस्य रहे सचिन पर कौशल ने विश्वास करना शुरू किया। उसको अपनी जानकारी बताई गई। रुपये पहुंचाने की जिम्मेदारी उसको सौंपी गई। फरीदाबाद पुलिस ने उसको गिरफ्तार किया। बाद में जानकारी पुलिस को सचिन से ही मिली। इधर शुक्रवार रात से कौशल को हिरासत में लेकर दुबई पुलिस पूछताछ कर रही है। अभी तक फरीदाबाद पुलिस के दो इंस्पेक्टरों को उससे मिलने नहीं दिया गया है।